-अरविंद केजरीवाल ने कहा, ‘BJP अहंकारी पार्टी, AAP को एक मौका दीजिए’
नई दिल्ली। दिल्ली और पंजाब के बाद आम आदमी पार्टी ने गुजरात में अपना पैर जमाने के लिए आज तिरंगा यात्रा निकाली। पंजाब चुनाव में अपनी प्रचंड जीत के बाद उत्साहित अरविंद केजरीवाल की अगुवाई वाली AAP ने अपना ध्यान गुजरात पर केंद्रित कर दिया है। गुजरात प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का गृह क्षेत्र है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान दो दिन के गुजरात दौरे पर हैं। पहले दिन भगवंत मान के साथ, केजरीवाल ने आज अहमदाबाद में साबरमती आश्रम का दौरा किया और शहर में एक रोड शो में भाग लिया।
आम आदमी पार्टी की करीब 2 किलोमीटर लंबी तिरंगा यात्रा निकाली गई। तिरंगा यात्रा में सभी ने हाथों में तिरंगा पकड़ा हुआ था। इस दौरान ‘पहले लड़े थे गोरों से, अब लड़ेंगे चोरों से’ के नारे लगाए गए। तिरंगा यात्रा में गुजरात का लोक नृत्य की प्रस्तुति भी दी गई। वहीं, इस दौरान कलाकारों की ओर से पंजाब लोक नृत्य भंगड़ा भी किया गया. और कई तरह की झांकियां दिखाई दीं। इस दौरान अरविंद केजरीवाल ने भीड़ से कहा कि ‘AAP को एक मौका दें। ‘
केजरीवाल ने रोड शो से पहले कहा कि भाजपा 25 साल से राज्य में सत्ता में होने के कारण ”अहंकार में डूबी” हुई है और जनता को उनकी पार्टी को ”एक मौका ”देना चाहिये। केजरीवाल और मान के साथ गुजरात आम आदमी पार्टी के नेता ईशुदान गढ़वी और गोपाल इतालिया भी मौजूद थे। मान ने कहा, ‘दिल्ली और पंजाब के बाद अब गुजरात की तैयारी। ‘
केजरीवाल ने कहा कि वह राजनीति करना नहीं जानते, लेकिन भ्रष्टाचार को खत्म करना जानते है। उन्होंने कहा, ‘दिल्ली में हमने भ्रष्टाचार खत्म किया, पंजाब में भगवंत मान ने दस दिन में भ्रष्टाचार खत्म कर दिया। 25 साल के शासन के बाद, वे अहंकार से भरे हुए हैं … AAP को मौका दें, जैसे दिल्ली और पंजाब के लोगों ने दिया। ‘
केजरीवाल ने कहा कि पंजाब में भगवंत मान की सरकार आने के दस दिनों में ही भ्रष्टाचार खत्म हो चुका है। दिल्ली में भी यह पहले ही हो चुका है। उन्होंने जनता के बीच सवाल दागा, क्या गुजरात में भी घूस मांगी जाती है तो पब्लिक ने हां में जवाब दिया। उन्होंने कहा कि गुजरात में बीजेपी का 25 साल का शासन हो गया है, अब एक मौका आम आदमी पार्टी को मिलना चाहिए ताकि यहां भी ईमानदार व्यवस्था कायम की जा सके।
इस दौरे को आम आदमी पार्टी का गुजरात में चुनाव प्रचार की शुरुआत के तौर पर माना जा रहा है। गुजरात में चुनाव अभी करीब नौ महीने दूर हैं औऱ नवंबर-दिसंबर में इसकी कवायद हो सकती है। इससे पहले साबरमती आश्रम में कुछ वक्त बिताने के बाद केजरीवाल ने कहा, ‘दिल्ली का मुख्यमंत्री बनने के बाद मैं पहली बार साबरमती आश्रम आया हूं। इससे पहले जब मैं एक सामाजिक कार्यकर्ता था, तब कई बार इस जगह पर आया था। मैं जब भी यहां आता हूं, मुझे आंतरिक शांति मिलती है।’
साबरमती आश्रम में भगवंत मान ने कहा कि उन्हें यहां आकर पहुंच अच्छा लगा।
पंजाब में हर घर में चरखा होता है क्योंकि पंजाब के लोगों के दिल में महात्मा गांधी के लिए काफी प्यार है। अरविन्द केजरीवाल और भगवंत मान ने अहमदाबाद में तिरंगा यात्रा में हिस्सा लिया। यात्रा के दौरान एक बड़ा हादसा टला। समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, रोडशो का एक वीडियो सामने आया है जिसमें दोनों की रैली के दौरान एक शख्स छत से रैली को देख रहा था तभी उसका बैलेंस बिगड़ा और वह छत से लटक गया। इस दौरान साथ में मौजूद उसके साथियों ने उसे रेस्क्यू किया।