महाराष्ट्र में बनी बागी विधायकों की सरकार, एकनाथ शिंदे ने ली CM पद की शपथ, देवेंद्र फडणवीस बने डिप्टी CM

DrashtaNewsनई दिल्ली। शिवसेना के एकनाथ शिंदे ने गुरुवार शाम महाराष्ट्र के नए सीएम पद की शपथ ली। जबकि देवेंद्र फडणवीस […]

DrashtaNews

नई दिल्ली। शिवसेना के एकनाथ शिंदे ने गुरुवार शाम महाराष्ट्र के नए सीएम पद की शपथ ली। जबकि देवेंद्र फडणवीस राज्य के नए उप-मुख्यमंत्री बने। राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलायी। शिंदे ने मराठी में शपथ ली। एकनाथ शिंदे और देवेंद्र फडणवीस के शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन राजभवन में किया गया। इस दौरान शिवसेना और बीजेपी के कई अन्य नेता भी मौजूद रहे।

बता दें कि एकनाथ शिंदे के बतौर सीएम पद की शपथ लेने के बाद अब अगले कुछ दिनों में महाराष्ट्र की नई कैबिनेट तय होगी। गुरुवार शाम को देवेंद्र फडणवीस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा था कि आज शाम साढ़े सात बजे एकनाथ शिंदे महाराष्ट्र के नए सीएम के तौर पर शपथ लेंगे, जबकि इनकी कैबिनेट अगले कुछ दिनों में शपथ लेगी। उन्होंने यह भी कहा था कि वह खुद सरकार में नहीं होंगे और बाहर से सरकार की मदद करेंगे। हालांकि बाद में जेपी नड्डा ने खुद मीडिया के सामने आकर कहा कि पार्टी चाहती है कि वह उपमुख्यमंत्री बनें।

इससे पहले देवेंद्र फडणवीस ने एकनाथ शिंदे के साथ मिलकर राज्यपाल से मुलाकात कर उन्हें सरकार बनाने का प्रस्ताव सौंपा था। सूत्रों के अनुसार देवेंद्र फडणवीस पहले नई सरकार में कोई पद लेना नहीं चाहते थे लेकिन बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा और गृहमंत्री अमित शाह के हस्तक्षेप के बाद वो उप-मुख्यमंत्री बनने के लिए तैयार हो गए।
ध्यान हो कि राज्य में कई दिनों से राजनीतिक उथापुथल के हालात थे। शिवसेना के दो तिहाई से ज्यादा विधायक पहले मुंबई से सूरत गए और वहां से फिर उन्हें गुवाहाटी भेज दिया गया। ये सभी विधायक उद्धव ठाकरे सरकार का विरोध कर रहे थे। इनकी मांग थी कि उद्धव ठाकरे महाअघाड़ी सरकार से बाहर आएं।
पांच साल तक महाराष्ट्र में मुख्यमंत्री रहने वाले देवेंद्र फडणवीस ने उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली। जब वह शपथ लेने चले तो विधायकों ने उनके समर्थन में नारेबाजी की। बता दें कि एकनाथ शिंदे ने 40 शिवसेना के विधायकों के साथ कुल 50 विधायक होने का दावा किया है। वहीं भाजपा के 106 विधायक हैं।

शपथ ग्रहण के मौके पर एकनाथ शिंदे का परिवार भी राजभवन पहुंचा। बता दें कि एकनाथ शिंंदे उद्धव सरकार में कैबिनेट मंत्री थे। शपथ ग्रहण में शिवसेना के विधायक शामिल नहीं हो सके। दरअसल, बागी विधायकों इस समय गोवा के होटल में ही हैं। हालांकि शपथ के दौरान उन्होंने गोवा के होटल में ही जश्न मानाया। भाजपा के नेता शपथ ग्रहण में पहुंचे।
भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने देवेंद्र फडणवीस की तारीफ करते हुए कहा कि एकनाथ शिंदे जी और देवेंद्र फडणवीस जी को बधाई। आज ये सिद्ध हो गया कि BJP के मन में कभी मुख्यमंत्री पद की लालसा नहीं थी। 2019 के चुनाव में स्पष्ट जनादेश मा. नरेंद्र मोदी जी एवं देवेंद्र जी को मिला था। उद्धव ठाकरे ने CM पद के लालच में हमारा साथ छोड़कर विपक्ष के साथ सरकार बनाई थी। उन्होंने कहा कि पार्टी चाहती है कि देवेंद्र फडणवीस सरकार में रहें और उपमुख्यमंत्री का पदभार संभालें।

Scroll to Top