7 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में BJP ने मारी बाज़ी, RJD मोकामा सीट बचाने में कामयाब…

7 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में BJP ने मारी बाज़ी, RJD मोकामा सीट बचाने में कामयाब

DrashtaNews

नई दिल्ली। 6 राज्यों की 7 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव में मतगणना सुबह 8 बजे शुरू हुई है। बिहार में गोपालगंज सीट, महाराष्ट्र में मुंबई की अंधेरी ईस्ट, हरियाणा में आदमपुर, तेलंगाना के मुनूगोड़े, यूपी में गोला गोकर्णनाथ और ओडिशा की धामनगर सीट पर हुए विधानसभा उपचुनाव के लिए आज मतों की गणना चल रही है।

बिहार में बीजेपी और आरजेडी ने एक-एक सीट पर जीत दर्ज की है। मोकामा में बाहुबली अनंत सिंह की पत्नी और आरजेडी उम्मीदवार नीलम देवी ने बीजेपी की सोनम देवी को हरा दिया। वहीं, गोपालगंज में दिवंगत सुभाष सिंह की पत्नी और बीजेपी प्रत्याशी कुसुम देवी ने आरजेडी के मोहन गुप्ता को करीबी मुकाबले में मात दी। पहले भी मोकामा सीट आरजेडी और गोपालगंज बीजेपी के पास थी।

मोकामा विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में आरजेडी की नीलम देवी ने बीजेपी की सोनम देवी को 16,741 वोटों के अंतर से हराया। नीलम देवी को 53 फीसदी से ज्यादा वोट मिले। नीलम देवी बाहुबली अनंत सिंह की पत्नी हैं। अनंत सिंह को आपराधिक मामलों में सजा होने के बाद उनकी विधायकी रद्द कर दी गई थी, जिसके बाद यहां उपचुनाव की नौबत आई। हालांकि, आरजेडी ने इस सीट से अनंत सिंह की पत्नी को ही मैदान में उतारा, जिन्हें जेडीयू-कांग्रेस समेत महागठबंधन के सभी दलों का समर्थन मिला। मोकामा को आरजेडी का गढ़ भी माना जाता है।

दूसरी ओर, गोपालगंज विधानसभा सीट में बीजेपी और आरजेडी के बीच मुकाबला टक्कर का रहा। यहां से बीजेपी उम्मीदवार कुसुम देवी ने आरजेडी प्रत्याशी मोहन प्रसाद गुप्ता को 2183 मतों के अंतर से हराया। विजयी कुसुम देवी पूर्व मंत्री सुभाष सिंह की पत्नी हैं। सुभाष सिंह के निधन के बाद इस सीट पर उपचुनाव हुए हैं। वैसे तो इस सीट को बीजेपी का गढ़ माना जाता है, लेकिन गोपालगंज RJD मुखिया लालू प्रसाद यादव का गृह जिला भी है। ऐसे में यहां आरजेडी की दावेदारी मजबूत मानी जा रही थी।

गोपालगंज में BJP प्रत्याशी कुसुम देवी ने RJD के मोहन प्रसाद गुप्ता को महज 1789 वोटों से हराया। महागठबंधन में शामिल जेडीयू-कांग्रेस समेत अन्य पार्टियों के समर्थन के बावजूद आरजेडी उम्मीदवार की हार होने का मुख्य कारण BJP नहीं बल्कि कोई और है। गोपालगंज में RJD  की नैया डुबोने वाले डिप्टी CM तेजस्वी यादव के मामा साधु यादव और असदुद्दीन ओवैसी हैं।

उत्तर प्रदेश में एक बार फिर बीजेपी के उम्मीदवार गोला गोकर्णनाथ सीट से चुनाव जीत गए हैं।

हरियाणा की आदमपुर सीट से भाजपा उम्मीदवार भव्य बिश्नोई को जीत मिली है।

ओडिशा की धामनगर सीट से भाजपा उम्मीदवार सूर्यबंशी सूरज आगे बने हुए हैं।

महाराष्ट्र की अंधेरी पूर्व सीट से उद्धव ठाकरे वाली शिवसेना उम्मीदवार ऋतुजा लटके को जीत मिली है।

वहीं, तेलंगाना के मुनूगोड़े सीट पर TRS और BJP में कड़ी टक्कर देखने को मिल रही है।

उपचुनाव के नतीजे पर कांग्रेस नेता आचार्य प्रमोद ने कहा है उपचुनाव में भाजपा की जीत ‘धर्म’ की जीत है, 2024 लोकसभा चुनाव से पहले विपक्ष को ‘गम्भीर’ चिंतन की ज़रूरत।

सब मिलकर भी बीजेपी को नहीं हरा सकते

गोपालगंज में बीजेपी की जीत के बाद पार्टी नेता  शाहनवाज हुसैन ने कहा कि जद (यू) ने भाजपा से नाता तोड़ लिया और राजद में चला गया लेकिन गोपालगंज में BJP को नहीं हरा सका। साफ संदेश है कि ये सब मिलकर भी बीजेपी को नहीं हरा सकते। मोकामा में उनकी जीत का अंतर कम हो गया। यह दिखाता है कि भविष्य भाजपा का है। हम लोकसभा चुनाव में सभी 40 सीटें जीतेंगे।

इन सभी 7 सीटों के लिए 3 नवंबर को वोट डाले गए थे। जिन विधानसभा क्षेत्रों में उपचुनाव हुए उनमें BJP के पास तीन, कांग्रेस के पास दो और शिवसेना एवं राजद के पास एक-एक सीट थी। पूर्व CM भजन लाल के पोते भव्य बिश्नोई (आदमपुर सीट) और अनंत सिंह की पत्नी नीलम देवी (मोकामा सीट) उन दिग्गज उम्मीदवारों में शामिल है जिनकी किस्मत का फैसला होना था। दोनों ही नेता अपनी-अपनी सीटों को बचाने में कामयाब रहे हैं।

चुनाव परिणाम अभी बाकि है…..

Scroll to Top