फिल्म अभिनेता धर्मेंद्र के निधन से देश भर में शोक की लहर

अंतिम संस्कार से लौटते हुए हेमा मालिनी सहित अमिताभ बच्चन का भी वीडियो सामने आया। धर्मेंद्र को मुखाग्नि दे दी गई है। उनके अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए सलमान खान से लेकर अंमिताभ बच्चन तक पहुंचे थे। अनिल कपूर भी अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे।

DrashtaNews

मुंबई। हिंदी फिल्म इंडस्ट्री के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र का निधन हो गया है। सोमवार को 89 वर्ष की आयु में उन्होंने अंतिम सांस ली। धर्मेंद्र के निधन से देओल परिवार समेत पूरे देश में शोक की लहर दौड़ गई है। वे लंबे समय से बीमार चल रहे थे, उन्हें सांस लेने में कठिनाई थी और उनका स्वास्थ्य काफी समय से बिगड़ता जा रहा था। फिल्म प्रोड्यूसर करण जौहर ने सोशल मीडिया पोस्ट करके दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र के निधन की जानकारी दी।

राष्ट्रपति मुर्मू ने जताया दुख
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने एक्स पर लिखा- ‘वरिष्ठ अभिनेता और पूर्व सांसद श्री धर्मेंद्र जी का निधन भारतीय सिनेमा के लिए एक अपूरणीय क्षति है। वे सबसे लोकप्रिय अभिनेताओं में से एक थे, उन्होंने अपने दशकों लंबे शानदार करियर में कई यादगार प्रस्तुतियां दीं। भारतीय सिनेमा की एक प्रतिष्ठित हस्ती के रूप में, वे अपने पीछे एक ऐसी विरासत छोड़ गए हैं जो कलाकारों की युवा पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी। उनके परिवार, मित्रों और प्रशंसकों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना।’

PM नरेंद्र मोदी ने जताया शोक 

पीएम नरेंद्र मोदी ने धर्मेंद्र के निधन पर शोक जताया और एक्स पर पोस्ट लिखी है, ‘धर्मेंद्र जी के जाने से इंडियन सिनेमा में एक युग का अंत हो गया है। वो एक आइकॉनिक फिल्म पर्सनैलिटी थे, एक जबरदस्त एक्टर थे जो अपने हर रोल में चार्म और गहराई लाते थे। जिस तरह से उन्होंने अलग-अलग रोल किए, उसने अनगिनत लोगों के दिलों को छुआ। धर्मेंद्र जी अपनी सादगी, विनम्रता और प्यार के लिए भी उतने ही जाने जाते थे. इस दुख की घड़ी में, मेरी दुआएं उनके परिवार, दोस्तों और अनगिनत फैंस के साथ हैं। ओम शांति.’

बिहार के CM नीतीश कुमार ने जताया शोक 

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी धर्मेंद्र को श्रद्धांजलि देते हुए कहा, ‘लोकप्रिय फिल्म अभिनेता धर्मेंद्र जी का निधन दुःखद। यह कला एवं फिल्म जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें। उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि।’ कई अन्य केंद्रीय मंत्री, राज्य के नेता और फिल्मी सितारे भी सोशल मीडिया पर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कर रहे हैं।

खेल जगत भी स्तब्ध

धर्मेंद्र के करीबी, फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े लोग और फैंस लगातार धर्मेंद्र के स्वास्थ्य को लेकर अपडेट ले रहे थे। इस बीच शाहरुख खान, गोविंदा, सलमान खान जैसी कई मशहूर हस्तियां अस्पताल और उनके घर पर हालचाल जानने पहुची थीं। धर्मेंद्र के निधन की खबर ने न सिर्फ फिल्म जगत, बल्कि खेल जगत को भी स्तब्ध कर दिया है।

करण जौहर ने धर्मेंद्र की एक पुरानी फोटो शेयर करते हुए अपने पोस्ट में लिखा, “यह एक युग का अंत है… एक बहुत बड़ा मेगा स्टार… वह इंडियन सिनेमा के एक असली लेजेंड हैं और हमेशा रहेंगे… वे सिनेमा के इतिहास के पन्नों में परिभाषित और समृद्ध रूप से मौजूद रहेंगे… लेकिन सबसे ज्यादा वह सबसे अच्छे इंसान थे…”

अंतिम संस्कार से लौटते हुए हेमा मालिनी सहित अमिताभ बच्चन का भी वीडियो सामने आया। धर्मेंद्र को मुखाग्नि दे दी गई है। उनके अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए सलमान खान से लेकर अंमिताभ बच्चन तक पहुंचे थे। अनिल कपूर भी अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे।

धर्मेंद्र को पहलवानी का शौक

8 दिसंबर 1935 को पंजाब के नसराली में जन्मे धर्मेंद्र को किशोरावस्था में पहलवानी का शौक था, लेकिन 1958 में हुए फिल्मफेयर के न्यू टैलेंट हंट के एक विज्ञापन ने उन्हें फिल्मी सफर शुरू करने के लिए प्रेरित किया। धर्मेंद्र ने साल 1960 में ‘दिल भी तेरा हम भी तेरे’ के साथ अपने फिल्मी सफर की शुरुआत की थी। इसके बाद उन्होंने ‘शोला और ‘शबनम’ (1961), ‘अनपढ़’ (1962) और ‘बंदिनी’ (1963) में अपने शानदार अभियन से फैंस की वाहवाही बटोरी।

‘शोले’, ‘यादों की बारात’, ‘सीता और गीता’, ‘प्यार ही प्यार’, ‘खामोशी’ और ‘अनुपमा’ जैसी कई यादगार फिल्मों में काम किया। धर्मेंद्र को साल 2012 में भारत सरकार के तीसरे सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘पद्म भूषण’ से नवाजा गया।

बता दें कि, उम्र संबंधी बीमारियों के चलते अभिनेता धर्मेंद्र पिछले कुछ वक्त मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती रहे। इसके बाद घर पर ही उनका इलाज चल रहा था। लेकिन अब उनके निधन की खबर सामने आई है।

Scroll to Top