नई दिल्ली। भारत के बाद अब संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) में भी ‘दिल्ली मॉडल’ की गूंज सुनाई दी है। आम आदमी पार्टी (AAP) की विधायक आतिशी ने यूएनजीए में अपने संबोधन में दिल्ली में केजरीवाल शासन मॉडल की खूबियां बताते हुए इन पर प्रकाश डाला। दिल्ली के मुख्यमंत्री और ‘आप’ के राष्ट्रीय संयोजक केजरीवाल ने आतिशी को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी है। कालकाजी सीट से विधायक आतिशी ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी से स्नातक हैं।
आतिशी द्वारा संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) को संबोधित करने के बाद मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को उनकी प्रशंसा की और कहा कि शहरी शासन के कई क्षेत्रों में समाधान के लिए आज दुनिया दिल्ली की ओर देख रही है। आतिशी द्वारा UNGA में भाषण वाले एक पोस्ट को री-ट्वीट करते हुए केजरीवाल ने कहा, ”भारत के लिए गर्व का क्षण। दिल्ली और ‘आप’ ने भारतीयों को गौरवान्वित किया है। दुनिया अब शहरी शासन के कई क्षेत्रों में समाधान के लिए दिल्ली की ओर देख रही है। हम सभी दुनिया को एक बेहतर जगह बनाने के लिए एक-दूसरे से सीखेंगे।”
केजरीवाल ने इस उपलब्धि के लिए आतिशी को बधाई देते हुए कहा, “बहुत खूब आतिशी। यह बहुत गर्व का क्षण है। इतने बड़े अंतरराष्ट्रीय मंच पर दिल्ली और देश के लोगों की भावनाओं सहित देश की क्षमता से दुनिया को अवगत कराने के लिए बहुत-बहुत बधाई। देश ऐसी प्रगतिशील सोच चाहता है। भारत अब आगे बढ़ना चाहता है।”
यह कोई पहला मौका नहीं है, इससे पहले भी ‘आप’ सरकार की मोहल्ला क्लीनिक पहल और स्कूली शिक्षा में सुधारों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर वाहवाही बटोरी थी। आतिशी ने ट्विटर पर UNGA में अपने भाषण का वीडियो साझा किया और कहा कि “दिल्ली मॉडल” समस्याओं को हल करने के लिए अंतर्दृष्टि प्रदान कर सकता है। विधायक आतिशी ने कहा, “अरविंद केजरीवाल सरकार द्वारा @UN महासभा के समक्ष दिल्ली में लाए गए परिवर्तन को प्रस्तुत करना सम्मान की बात है। मेरा मानना है कि ‘दिल्ली मॉडल’ दुनिया भर के कई देशों के सामने आने वाली समस्याओं को हल करने के लिए अंतर्दृष्टि प्रदान कर सकता है।”