नायब सिंह सैनी ने ली मुख्यमंत्री पद की शपथ, अनिल विज हुए नाराज़

DrashtaNews-अनिल विज इस कार्यक्रम का हिस्सा नहीं बने। उन्होंने पार्टी आलाकमान से साफ कह दिया है कि वो अपने जूनियर […]

DrashtaNews

-अनिल विज इस कार्यक्रम का हिस्सा नहीं बने। उन्होंने पार्टी आलाकमान से साफ कह दिया है कि वो अपने जूनियर के साथ काम नहीं कर सकते हैं।

-अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) से ताल्लुक रखने वाले सैनी कुरुक्षेत्र से सांसद हैं और पिछले साल अक्टूबर में ओम प्रकाश धनखड़ को हटाकर उन्हें प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। 

चंडीगढ़। हरियाणा के नए मुख्यमंत्री के तौर पर नायब सिंह सैनी ने शपथ ले ली है। राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।सैनी के अलावा कंवरपाल गुज्जर और मूलचंद शर्मा ने भी कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ली। कंवरपाल मनोहर पार्ट-2 सरकार में शिक्षा मंत्री थे, जबकि मूलचंद शर्मा पिछली सरकार में परिवहन मंत्री थे।

आगामी लोकसभा चुनाव से पहले मंगलवार को हरियाणा की राजनीति में नाटकीय घटनाक्रम देखने को मिला। CM खट्टर ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया और इसके कुछ ही देर बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की राज्य इकाई के अध्यक्ष नायब सिंह सैनी को विधायक दल का नेता चुन लिया गया। शपथ लेने से पहले नायब सिंह सैनी ने मनोहर लाल खट्टर का पैर छूकर आशीर्वाद लिया। दिलचस्प बात ये रही कि जेजेपी के भी चार विधायक देवेंद्र बबली, ईश्वर सिंह, जोगीराम और राम निवास शपथ ग्रहण कार्यक्रम में शामिल हुए। वहीं, अनिल विज इस कार्यक्रम का हिस्सा नहीं बने। उन्होंने पार्टी आलाकमान से साफ कह दिया है कि वो अपने जूनियर के साथ काम नहीं कर सकते हैं।

भाजपा विधायक दल की बैठक के बाद मुख्यमंत्री की घोषणा

भाजपा विधायक दल की बैठक के बाद पार्टी विधायक सुभाष सुधा और जे पी दलाल ने घोषणा की कि सैनी राज्य के नए मुख्यमंत्री होंगे। 54 साल के सैनी को खट्टर का करीबी माना जाता है। उन्होंने खट्टर की जगह ली, जिनका अक्टूबर के अंत में मुख्यमंत्री के रूप में दूसरा कार्यकाल खत्म होना था।

बैठक में केंद्रीय पर्यवेक्षक के तौर पर केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ और हरियाणा मामलों के प्रभारी बिप्लब देब मौजूद थे। नेता चुने जाने के बाद सैनी ने खट्टर और अन्य नेताओं के साथ राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय से मुलाकात की और सरकार बनाने का दावा पेश किया।

अवश्य पढ़ें : ओबीसी नेतृत्व के बगैर यूपी की सत्ता में भाजपा का आना मुश्किल

विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद सैनी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में ‘सर्वसम्मति’ से भाजपा विधायक दल का नेता चुने जाने पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा सहित अन्य नेताओं का आभार जताया। वहीं बिप्लव देब ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘प्रदेश भाजपा अध्यक्ष नायब सिंह सैनी को विधायक दल का नेता चुने जाने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।  मुझे विश्वास है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन और मनोहर लाल खट्टर के नेतृत्व में शुरू हुए हरियाणा के विकास कार्यों को वो आगे बढ़ाते हुए राज्य को विकास के मामले में आगे लेकर जायेंगे।”

अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) से ताल्लुक रखने वाले सैनी कुरुक्षेत्र से सांसद हैं और पिछले साल अक्टूबर में ओम प्रकाश धनखड़ को हटाकर उन्हें प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। इस बदलाव को OBC समुदाय पर अपनी पकड़ मजबूत करने के भाजपा के प्रयास के तौर पर देखा गया था। राज्य में सबसे अधिक आबादी जाट समुदाय की है। माना जाता है कि इस समुदाय का वोट कांग्रेस, जननायक जनता पार्टी (JJP) और इंडियन नेशनल लोकदल के बीच बंट जाता है।

विधायकों ने भी ली मंत्री पद की शपथ 

राजभवन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह के दौरान कंवर पाल गुर्जर ने भी मंत्री पद और गोपनीयता की शपथ ली। खट्टर सरकार में कंवर पाल गुर्जर शिक्षा मंत्री थे। वहीं मूलचंद शर्मा को भी कैबिनेट मंत्री बनाया गया है। राजभवन में मूलचंद शर्मा ने भी मंत्री पद की शपथ ली है।  उनके साथ निर्दलीय विधायक रणजीत सिंह भी कैबिनेट मंत्री बने हैं। वहीं जय प्रकाश दलाल और डॉक्टर बनवारी लाल ने भी हरियाणा के मंत्री पद की शपथ ली। चंडीगढ़ स्थित राजभवन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में JJP के 4 विधायक जोगीराम सिहाग, ईश्वर सिंह, देवेंद्र बबली और रामनिवास सूरज खेड़ा शामिल हुए। नायब सैनी के साथ कंवरपाल गुर्जर और मूलचंद शर्मा ने भी मंत्रीपद की शपथ ली। मूलचंद शर्मा फरीदाबाद के हैं और खट्टर सरकार में परिवहन मंत्री थे।

Scroll to Top