महाराष्ट्र के एक गांव में भूस्खलन से 17 घर तबाह, 16 लोगों की मौत

-इरशालवाड़ी एक आदिवासी गांव है जहां पक्की सड़क नहीं है। मुंबई-पुणे राजमार्ग पर चौक गांव निकटतम शहर है। अधिकारी बचाव अभियान के लिए मशीनरी ले जाने में सक्षम नहीं हैं- NDRF

DrashtaNews

इरशालवाड़ी एक आदिवासी गांव है जहां पक्की सड़क नहीं है। मुंबई-पुणे राजमार्ग पर चौक गांव निकटतम शहर है। अधिकारी बचाव अभियान के लिए मशीनरी ले जाने में सक्षम नहीं हैं- NDRF

मुंबई (एजेंसी)। महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में भूस्खलन की घटना से 16 लोगों की मौत हो गयी है। मुम्बई से लगभग 80 किलोमीटर दूर हुई इस घटना में 17 घर पूरी तरह तबाह हो गए हैं। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) ने 21 लोगों को बचा लिया है।

NDRF के अधिकारियों ने बताया कि  भूस्खलन बुधवार रात करीब 11 बजे  खालापुर तहसील के इरशालवाड़ी गांव में हुआ। यह गांव पहाड़ी ढालान पर स्थित है। लगातार मूसलाधार बारिश के चलते हुई इस घटना में 17 घर पूरी तरह तबाह हो गए। गांव में कुल 50 घर हैं। पहाड़ी की तलहटी से इरशालवाड़ी गांव पहुंचने में करीब डेढ़ घंटे का वक्त लगता है क्योंकि वहां पक्की सड़क नहीं है।

NDRF एवं पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दुर्घटनास्थल से 16 शव निकाले गए हैं, जबकि 21 लोगों को बचाया गया है। रायगढ़ पुलिस ने बताया कि 13 शवों का आपदा स्थल पर ही अंतिम संस्कार कर दिया गया है।

मलबे का 20 फुट ऊंचा ढेर

मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे स्थिति का जायजा लेने के लिए सुबह घटनास्थल पर पहुंचे और बचाव कार्य में लगे कर्मियों से बातचीत की।  उन्होंने कहा कि राज्य सरकार क्षेत्र में बचाव एवं राहत अभियान चलाने के लिए सभी प्रयास कर रही है। शिंदे ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘यह गांव भूस्खलन संभावित गांवों की सूची में नहीं था। अब हमारी प्राथमिकता मलबे में फंसे लोगों को बचाना है।शिंदे ने कहा, ‘‘यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण घटना है और राज्य सरकार प्रभावित लोगों के साथ खड़ी है। लगातार भारी बारिश हो रही है और मलबे का 20 फुट ऊंचा ढेर लग गया है।उन्होंने कहा कि अधिकारी बचाव अभियान के लिए मशीनरी ले जाने में सक्षम नहीं हैं। उन्होंने बताया कि अभियान के लिए दो हेलीकॉप्टर तैयार रखे गए हैं, लेकिन खराब मौसम के कारण वे उड़ान नहीं भर पाए हैं।

भूस्खलन प्रभावित ग्रामीणों के पुनर्वास के बारे में मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके लिए (अस्थायी आश्रयों के रूप में) 50 से 60 कंटेनर की व्यवस्था की गई है और उन्हें सुरक्षित स्थान पर ले जाने की योजना है। शिंदे ने कहा, ‘‘हम जल्द ही भूस्खलन प्रभावित ग्रामीणों के उचित पुनर्वास के लिए कदम उठाएंगे। मैंने संभागीय आयुक्त और जिला कलेक्टर से बात की है और इन ग्रामीणों के स्थायी पुनर्वास के बारे में तुरंत चर्चा की है। हम इसे युद्ध स्तर पर कर रहे हैं।

ठाणे से भी बचाव दल भी मौके पर

इससे पहले दिन में, उपमुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने एक बयान में कहा कि वहां 48 परिवार रह रहे थे। उन्होंने कहा, ‘‘घायलों का चिकित्सा व्यय राज्य सरकार द्वारा वहन किया जाएगा। हम मृत व्यक्तियों के परिजनों के लिए उचित मुआवजे की घोषणा करेंगे।

इस संबंध में एक अधिकारी ने बताया कि एनडीआरएफ की चार टीमें स्थानीय अधिकारियों के साथ बचाव कार्य में लगी हुई हैं। उन्होंने बताया कि दमकल दल और कुछ स्थानीय ट्रैकर्स भी बचाव अभियान में मदद कर रहे हैं। अधिकारी ने बताया कि गांव में लगभग 50 घर हैं, जिनमें से 17 भूस्खलन में दब गए हैं। अधिकारियों के अनुसार, पड़ोसी ठाणे से भी बचाव दल भी मौके पर भेजे गए हैं।

यह गांव मोरबे बांध से 6 किमी दूर है, जो नवी मुंबई को पानी की आपूर्ति करता है। यह माथेरान और पनवेल के बीच स्थित इरशालगढ़ किले के पास स्थित है और यह किला प्रबलगढ़ का एक सहयोगी किला है। इरशालवाड़ी एक आदिवासी गांव है जहां पक्की सड़क नहीं है। मुंबई-पुणे राजमार्ग पर चौक गांव निकटतम शहर है।

24 जुलाई 2021 में 136 लोगों की हुई थी मौत

रायगढ़ जिले के महाड तालुका के तालिये गांव में 24 जुलाई 2021 में  बारिश के बाद बाढ़ और भूस्खलन से अलग-अलग घटनाओं में 136 लोगों की मौत हुई थी। गांव वालों ने बताया  था कि  ‘सरकार और प्रशासन की तरफ से ग्रामीणों को आपदा का अलर्ट नहीं जारी किया गया था। सरकार और प्रशासन की उदासीनता कि वजह से गाँव वालों कि जान गयी।

2014 की घटना में 153 लोगों की हुई थी मौत

30 जुलाई 2014 को पुणे जिले की अंबेगांव तहसील के मालिन गांव में हुए भूस्खलन के बाद यह महाराष्ट्र में सबसे बड़ा भूस्खलन है। भूस्खलन की उस घटना में लगभग 50 परिवारों वाले पूरे आदिवासी गांव में तबाही मच गई थी और मरने वालों की अंतिम संख्या 153 बताई गई थी।

भूस्खलन के पीड़ित शख्स ने आपबीती सुनाते हुए कहा कि बुधवार रात करीब साढ़े दस बजे वह स्कूल के कमरे में बैठकर अपने दोस्तों के साथ बातें कर रहा था, तभी उसे तेज आवाज सुनाई दी। उन्होंने कहा, “मैं खुद को बचाने के लिए स्कूल से बाहर भागा और बाद में पाया कि भूस्खलन हुआ है, जिससे हमारे घर क्षतिग्रस्त हो गए हैं।अपने आंसुओं को रोकने की कोशिश करते हुए उन्होंने कहा, “मेरे माता-पिता मलबे में फंसे हुए हैं। अब मेरे घर की जगह पर मिट्टी और मलबे के अलावा कुछ नहीं बचा है।

उन्होंने कहा कि कोई भी बाहर नहीं निकल पाया। प्रत्यक्षदर्शी ने यह भी कहा कि उसका एक भाई है, जो पास के आश्रम के आवासीय स्कूल में पढ़ता है, और उसे अभी तक उसकी कोई जानकारी नहीं मिली है। इलाके के घरों में जाने वाली एक आंगनवाड़ी कार्यकर्ता ने संवाददाताओं को बताया कि घटनास्थल पर 45 घर थे और उनमें से 43 भूस्खलन से प्रभावित हुए हैं। महिला ने दावा किया कि उन घरों में 6 साल तक की उम्र के 25 बच्चों सहित 229 लोग रहते थे। उसने बताया कि इस घटना से वह बेहद दुखी है। निकट के एक गांव से आई बुजुर्ग महिला ने कहा कि उसके परिवार के पांच सदस्य भूस्खलन के मलबे में दब गए हैं।

Scroll to Top