नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव 2024 की तारीखों का ऐलान जल्द होना है। उससे पहले तमाम पार्टियां अपने-अपने उम्मीदवार चुनने में जुटी हैं। कांग्रेस ने मंगलवार को लोकसभा उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट का ऐलान किया। इस लिस्ट में 43 उम्मीदवारों का नाम है। कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति ने असम, गुजरात, मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तराखंड और दमन-दीव की सीटों के लिए 43 उम्मीदवार फाइनल किए हैं। इससे पहले पार्टी की पहली लिस्ट में 39 नामों का ऐलान किया गया था। इस तरह कांग्रेस अब तक 82 नामों का ऐलान कर चुकी है।
अवश्य पढ़ें : ओबीसी नेतृत्व के बगैर यूपी की सत्ता में भाजपा का आना मुश्किल
लिस्ट में 76.7% उम्मीदवारों की उम्र 60 साल से कम है। कांग्रेस ने असम से 12, गुजरात से 7, मध्य प्रदेश से 10, राजस्थान से 10, उत्तराखंड से 3 और दमन-दीव से 1 उम्मीदवार का ऐलान किया। कांग्रेस की ओर से जारी लिस्ट के मुताबिक, 10 कैंडिडेट जनरल कैटेगरी से हैं। 13 कैंडिडेट OBC, 10 SC, 9 ST, 1 मुस्लिम और 4 महिला उम्मीदवार हैं। इनमें से 25 उम्मीदवार 50 साल से कम उम्र के हैं, जबकि 8 उम्मीदवारों की उम्र 51-60 साल के बीच है। लिस्ट में शामिल 10 प्रत्याशी 61-70 आयु वर्ग के बीच आते हैं।
कांग्रेस ने दूसरी लिस्ट में मध्य प्रदेश के पूर्व CM कमलनाथ के बेटे नकुलनाथ को टिकट दिया है। उन्हें छिंदवाड़ा से टिकट दिया गया है। जबकि राजस्थान के पूर्व CM अशोक गहलोत के बेटे वैभव गहलोत को जालोर से कैंडिडेट बनाया गया है।
8 मार्च को आई थी कांग्रेस की पहली लिस्ट
इससे पहले 8 मार्च को कांग्रेस की पहली लिस्ट आई थी. इसमें 39 सीटों के लिए कैंडिडेट्स फाइनल किए गए थे। पहली लिस्ट में केरल से 16, 7 कर्नाटक से, 6 छत्तीसगढ़ से और 4 तेलंगाना से उम्मीदवार घोषित किए गए थे। जबकि मेघालय से 2 और नगालैंड, त्रिपुरा, सिक्किम और लक्षद्वीप से 1-1 नाम सामने आए। इन 39 उम्मीदवारों में से 15 सामान्य वर्ग से हैं और 24 SC, ST, OBC और अल्पसंख्यक वर्ग से हैं।
अवश्य पढ़ें : BJP ने साधा OBC वोट बैंक, नायब सिंह सैनी को बनाया हरियाणा का मुख्यमंत्री
पहली लिस्ट में कांग्रेस ने 39 में से 20 नए उम्मीदवार उतारे हैं। 19 सीटों पर पुराने उम्मीदवारों को बरकरार रखा गया है। राहुल गांधी केरल की वायनाड सीट से लगातार दूसरी बार चुनाव लड़ेंगे। जबकि, शशि थरूर को केरल के तिरुवनंतपुरम से लगातार चौथी बार टिकट मिला है। वहीं, केसी वेणुगोपाल को केरल के अलप्पुझा लोकसभा सीट से टिकट मिला है।
2 मार्च को आई थी BJP की पहली लिस्ट
कांग्रेस से पहले 2 मार्च को बीजेपी ने पहली लिस्ट जारी की थी। बीजेपी ने पहली लिस्ट में 195 सीटों पर उम्मीदवारों के नामों का ऐलान किया था। लिस्ट में 34 केंद्रीय मंत्रियों को टिकट मिला है। वहीं, इसमें 28 महिलाएं, 27 SC, 18 ST, 57 OBC नाम हैं। लिस्ट के मुताबिक, PM नरेंद्र मोदी तीसरी बार वाराणसी से चुनाव लड़ेंगे। गृहमंत्री अमित शाह गुजरात के गांधीनगर से और रक्षामंत्री राजनाथ सिंह यूपी के लखनऊ ने चुनावी मैदान में उतरेंगे।