अगरतला। पश्चिम त्रिपुरा जिले के खुमुलवंग में सोमवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे. पी. नड्डा की रैली में शामिल होने जा रहे पार्टी के कम से कम 40 कार्यकर्ता ‘‘उपद्रवियों” के हमले में घायल हो गए। त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा ने मंगलवार को कहा कि पार्टी के घायल कार्यकर्ताओं में से 25 को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और एक की हालत गंभीर है।
त्रिपुरा के मुख्यमंत्री मानिक साहा ने मंगलवार को कहा कि बदमाशों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि वह भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमले की कड़ी निंदा करते हैं। ग्राम पंचायत चुनावों और अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों के पहले नड्डा की रैली की शुरुआत को भाजपा का चुनावी तैयारियों का शंखनाद माना जा रहा है।
नड्डा ने इस साल आगामी ग्राम समिति (ग्राम पंचायत) चुनाव और अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी के अभियान की शुरुआत करते हुए यह रैली की थी। महानिरीक्षक (कानून और व्यवस्था) अरिंदम नाथ ने मंगलवार को बताया, “पश्चिम त्रिपुरा और सिपाहीजाला जिलों में हमलों की सात घटनाओं में भाजपा के 40 कार्यकर्ता घायल हो गए हैं।
यह सभी कार्यकर्ता जेपी नड्डा की खुमुलिंग स्थित रैली में जा रहे थे। यह जिला त्रिपुरा ट्राइबल एरियाज आटोनामस डिस्टि्रक्ट काउंसिल (TTAADC) का मुख्यालय है। उन्होंने बताया कि अमरेंद्रनगर में 19 भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमला हुआ। अब तक करीब 15 हमलावरों की पहचान कर ली गई है।उन्होंने कहा कि अब तक पंद्रह उपद्रवियों की पहचान की जा चुकी है और उन्हें कानून के तहत नोटिस जारी किया गया है। साहा ने हमलों की निंदा करते हुए कहा कि ऐसी घटनाओं को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने पुलिस को हमलों में शामिल सभी लोगों के खिलाफ मामला दर्ज करने का निर्देश दिया।
अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले पार्टी संगठनों को तैयार करने के लिए सोमवार को त्रिपुरा के दो दिवसीय दौरे पर आए जेपी नड्डा ने केजरीवाल पर निशाना साधते हुए पूछा कि केजरीवाल ने जांच एजेंसियों, राजनीतिक दलों और लोगों द्वारा उठाए गए सवालों का जवाब दिए बिना आबकारी नीति के मुद्दे को क्यों घुमा दिया।
उन्होंने कहा, ‘केजरीवाल को आबकारी नीति पर हमारे सवालों के जवाब देने बाकी हैं। आप अगर ईमानदार हैं, तो इसका जवाब अदालत में दें। वह कभी कहते हैं कि हम उन्हें गिरफ्तार करना चाहते हैं। कभी वह कहते हैं कि हम उन्हें परेशान कर रहे हैं। यह इतना बड़ा घोटाला है और दिल्ली को इतना नुकसान हुआ है।