देवघर में रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान तीन लोगों की दर्दनाक मौत, बचाव अभियान समाप्त

DrashtaNewsरांची। झारखंड के देवघर में रोपवे हादसे के बाद फंसे लोगों को निकालने के लिए चला ऑपरेशन समाप्त हो गया […]

DrashtaNews

रांची। झारखंड के देवघर में रोपवे हादसे के बाद फंसे लोगों को निकालने के लिए चला ऑपरेशन समाप्त हो गया है। 40 घंटे तक चले इस मुश्किल और लंबे ऑपरेशन के दौरान तीन लोगों की दर्दनाक मौत भी हो गई। यह हादसा ऐसा था, जिसके चलते लोगों की सांसें अटक गईं और वे जीवन और मौत के बीच फंसे हुए थे। इस अभियान के दौरान जिन तीन लोगों की मौत हुई है, उनमें से दो लोग तो रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान ही करीब 1,500 फीट की ऊंचाई से आ गिरे थे। दरअसल, रविवार को शाम 5 बजे देवघर के त्रिकूट में यह हादसा हुआ था, जब रोपवे पर दो केबल कार आपस में टकरा गई थीं। इसके चलते रोपवे का संचालन ही पूरी तरह से ठप हो गया और 70 लोग फंस गए।

हादसे के बाद से ही लोगों को निकालने की कोशिशें की जाने लगीं और अंत में भारतीय वायुसेना के विमानों को भी इस बचाव अभियान में तैनात किया गया था। यह अभियान मंगलवार को दोपहर तक चला। आज भी करीब 12 लोग इस अभियान के तहत बचाए गए। इस हादसे की भयावहता को इस बता से समझा जा सकता है कि पहाड़ी पर फंसे हुए लोगों को ड्रोन के जरिए खाने-पीने की चीजें दी गई थीं। इसके अलावा सोमवार रात को बचाव अभियान को रोकना पड़ गया था। पूरे अभियान के दौरान ही करीब तीन लोगों की मौत हो गई थी, जिसमें से एक शख्स बंगाल का था, जो हेलिकॉप्टर से रेस्क्यू के दौरान नीचे गिर पड़ा था।

इसके अलावा मंगलवार को भी एक महिला रेस्क्यू के दौरान नीचे आ गिरी। उसे हेलिकॉप्टर से रेस्क्यू किया जा रहा था, लेकिन संतुलन बिगड़ा और वह 1,500 फीट नीचे आ गिरी। इस घटना में कई लोग घायल भी हुए हैं। देवघर के जिला कलेक्टर मंजूनाथ ने कहा कि घायलों को देवघर सदर अस्पताल में इलाज के लिए भेजा गया है। इस बीच देवघर रोपवे हादसे का झारखंड हाई कोर्ट ने भी संज्ञान लिया है। अदालत ने इस मामले की जांच का भी आदेश दिया है और 26 अप्रैल तक रिपोर्ट जमा कराने को कहा है।

गौरतलब है कि यह घटना रविवार दोपहर बाबा बैद्यनाथ मंदिर के पास त्रिकूट हिल्स पर रोपवे पर रामनवमी के दिन यानी रविवार को यहां ट्रॉली का तार अचानक टूट गया, जिससे ट्रालियां पास की चट्टान से टकरा गईं और 10 अप्रैल की रात 12 ट्रॉली में 48 लोग रात भर फंसे रहे। ये लोग रविवार दोपहर 3 बजे से रोपवे पर फंसे थे, जिसके बाद बड़े पैमाने पर राहत और बचाव का काम शुरू किया गया और हेलीकॉप्टर की मदद से लोगों को निकालने का काम चला। वहीं इस मामले में राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरन ने उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। झारखंड पर्यटन विभाग के अनुसार त्रिकुट रोपवे भारत का सबसे ऊंचा वर्टिकल रोपवे है। यह लगभग 766 मीटर लंबा है।

बता दें कि इस हादसे पर पीएम नरेंद्र मोदी भी नजर बनाए हुए थे। उन्होंने होम मिनिस्टर अमित शाह से भी इस मामले की जानकारी ली थी। रोपवे हादसे के बाद फंसे हुए लोगों को निकालने के लिए सरकार ने आईटीबीपी के जवानों और इंडियन एयर फोर्स को लगाया था। इसके अलावा नेशनल डिजास्टर रेस्पॉन्स फोर्स को भी इसमें तैनात किया गया था।

Scroll to Top