राहुल गांधी ने कहा,’ नफरत और हिंसा हमारे प्यारे देश को कमजोर कर रही हैं’

DrashtaNewsनई दिल्ली। गुजरात, झारखंड, पश्चिम बंगाल, कर्नाटक और मध्य प्रदेश में शोभा यात्रा के दौरान पथराव की घटनाएं हुईं। गुजरात […]

DrashtaNews

नई दिल्ली। गुजरात, झारखंड, पश्चिम बंगाल, कर्नाटक और मध्य प्रदेश में शोभा यात्रा के दौरान पथराव की घटनाएं हुईं। गुजरात में पथराव के बाद हुई हिंसा में एक शख्स की मौत हो गई। कई राज्यों में सांप्रदायिक झड़प की घटनाएं हुईं। अब राहुल गांधी ने इसको लेकर कहा है कि इस तरह की नफरत और हिंसा हमारे प्यारे देश को कमजोर कर रही है। उन्होंने ट्वीट करके सरकार पर भी निशाना साधा और लोगों से भाईचारे की अपील की। दरअसल रामनवमी के दिन मध्य प्रदेश से लेकर बंगाल तक हिंसक घटनाएं हुईं। वहीं राजधानी दिल्ली में स्थित जेएनयू में भी मीट खाने को लेकर झड़प हो गई।
राहुल गांधी ने ट्वीट करते हुए लिखा कि नफरत, हिंसा और बहिष्कार हमारे प्यारे देश को कमजोर बना रहे हैं। भाईचारे, शांति और एकता की ईंटों से प्रगति के रास्ते को मजबूती मिलती है। आइए समावेशी भारत को सुरक्षित करने के लिए एक साथ खड़े हों।
हिंसक घटनाओं को लेकर हैदराबाद के सांसद और AIMIM अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी की ओर से भी ट्वीट किया गया है। ट्वीट कर असदुद्दीन ओवैसी ने इन घटनाओं के लिए हिंदूवादी संगठनों को जिम्मेदार मानते हुए लिखा है कि पिछले कुछ दिनों से पुलिस के आशीर्वाद से हिंदुत्व भीड़ इन जगहों पर हिंसा भड़का रही है।
बता दें कि कल ही दिल्ली के जवाहरलाल नेहरु विश्वविद्यालय में दो छात्र गुटों के बीच झड़प हो गई थी। इस हिंसक झड़प में कई छात्र घायल हुए हैं। इसके अलावा राजस्थान के करौली शहर मे सामुदायिक समूहों के बीच हिंसा हो गई थी। जिसके बाद यहां कर्फ्यू लगाया गया।

वहीं यूपी के सीतापुर में एक महंत द्वारा हेट स्पीच दी गई थी। सीतापुर जिले में एक मस्जिद के बाहर एक सभा को संबोधित करते हुए हिंदू महंत कथित तौर पर मुस्लिम महिलाओं के अपहरण और बलात्कार की धमकी दे रहे थे। वो कहते हुए सुनाई दे रहे थे कि अगर कोई मुस्लिम इलाके में किसी लड़की को परेशान करता है। तो वे मुस्लिम महिलाओं का अपहरण कर लेगा और सार्वजनिक रूप से उनका बलात्कार करेगा। वहीं भीड़ “जय श्री राम” के नारे लगाकर उसका जय-जयकार कर रही थी। इन सभी घटनाओं को लेकर विपक्षी पार्टियों की ये प्रतिक्रिया आ रही है।

बता दें कि गुजरात के दो शहरों में हुई हिंसा में कम से कम एक शख्स की मौत हो गई। वहीं झारखंड और पश्चिम बंगाल में भी हिंसा की घटनाएं सामने आईं। ज्यादातर जगहों पर जुलूस निकालने के दौरान हिंसा हुई। झारखंड में भी एक गंभीर रूप से घायल शख्स की जान चली गई। मध्य प्रदेश के खरगोन में हुई हिंसा को लेकर सीएम शिवराज सिंह ने कहा कि वह दोषियों को केवल जेल नहीं भेजेंगे बल्कि प्राइवेट और सरकारी प्रॉपर्टी को नुकसान पहुंचाने वालों से पूरी वसूली भी की जाएगी।

Scroll to Top