पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री विजय सिंगला को CM भगवंत मान ने किया बर्खास्त,एंटी करप्शन ब्रांच ने किया गिरफ्तार

DrashtaNewsचंडीगढ़। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने राज्य के स्वास्थ्य मंत्री विजय सिंगला को बर्खास्त कर दिया है। सिंगला के […]

DrashtaNews

चंडीगढ़। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने राज्य के स्वास्थ्य मंत्री विजय सिंगला को बर्खास्त कर दिया है। सिंगला के खिलाफ कथित भ्रष्टाचार की शिकायत मिलने के बाद उनको बर्खास्त किया गया है। पंजाब सीएमओ की ओर से बताया गया है कि सिंगला ठेके के लिए अधिकारियों से 1 प्रतिशत कमीशन की मांग रहे थे। इसके लेकर उनके खिलाफ कुछ पुख्ता सबूत भी मिले थे, जिस पर सीएम ने उनके खिलाफ कार्रवाई की है। मंत्री पद से बर्खास्त किए जाने के बाद विजय सिंगला को एंटी करप्शन ब्रांच ने गिरफ्तार भी कर लिया है।

पंजाब सीएमओ की ओर से कहा गया है कि विजय सिंगला ने विभागीय टेंडर की मंजूरी के लिए अधिकारियों से 1 फीसदी कमीशन की मांग की थी। ये मामला मुख्यमंत्री के संज्ञान में आया तो उनको भी जांच में सिंगला के खिलाफ पुख्ता सबूत मिले। जिसके बाद भगवंत मान ने विजय सिंगला को स्वास्थ्य मंत्री के पद से बर्खास्त कर दिया।

एक अधिकारी ने तकरीबन दस दिन पहले मुख्यमंत्री कार्यालय में विजय सिंगला द्वारा किए जा रहे भ्रष्टाचार की खबर दी।
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने अधिकारी को खुद भरोसा दिलाया कि वो उनके साथ हैं और किसी मंत्री से उन्हें डरने की जरूरत नहीं है, भ्रष्टाचार में लिप्त किसी भी शख्स को बख्शा नहीं जाएगा।
अधिकारी की सहायता से एक ऑपरेशन को अंजाम दिया गया, जिसमें साफ-साफ निकल कर आया कि मंत्री विजय सिंगला और उनके खास पहचान वाले एक पर्सेंट कमीशन की मांग कर रहे थे।
इसकी रिकॉर्डिंग करने और पूरे सबूत मिलने के बाद मुख्यमंत्री भगवंत मान ने ये कार्रवाई की। साथ ही उन्होंने अधिकारियों को भी साफ शब्दों में कह दिया कि किसी भी तरह का भ्रष्टाचार बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सिर्फ दस दिन के अंदर कार्रवाई कर एक साफ संदेश दिया है, पंजाब में पहली बार ऐसी कार्रवाई देखने को मिली है।
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री को राज्य मंत्रिमंडल से बर्खास्त कर दिया है। उन्होंने ये फैसला, सिंगला द्वारा निविदाओं में कथित रूप से एक प्रतिशत कमीशन की मांग किए जाने की जानकारी मिलने के बाद किया। मुख्यमंत्री ने एक वीडियो संदेश में कहा, “ मैं मंत्री के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रहा हूं। मैं उन्हें मंत्रिमंडल से हटा रहा हूं।” मान ने दावा किया कि सिंगला ने गलत काम करने की बात स्वीकार की है।

वहीं आप पार्टी ने कहा कि बड़ा फैसला आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल के भ्रष्टाचार विरोधी मॉडल के अनुरूप लिया गया है। आप सांसद राघव चड्ढा ने कहा कि उनकी पार्टी एकमात्र ऐसी पार्टी है, जिसके पास भ्रष्टाचार के आधार पर अपनों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए ईमानदारी, साहस और ईमानदारी है। हमने इसे दिल्ली में देखा, अब हम इसे पंजाब में देख रहे हैं।

गौरतलब है कि पंजाब विधानसभा चुनाव में आप पार्टी को भारी जीत मिली थी। जिसके बाद भगवंत मान को राज्य का मुख्यमंत्री बनाया गया था। आप पार्टी और भगवंत मान ने चुनाव प्रचार के दौरान राज्य से पूरी तरह से भ्रष्टाचार खत्म करने का वादा किया था। वहीं अब भ्रष्टाचार के आरोपी मंत्री की गिरफ्तारी कर ली गई है। भगवंत मान ने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार एक रुपए की बेईमानी भी बर्दाश्त नहीं करेगी। मेरे ध्यान में एक मामला आया कि सरकार का एक मंत्री टेंडर में एक प्रतिशत का कमिशन मांग रहा है। मैं चाहता तो इसे दबा सकता था लेकिन मैंने लोगों का भरोसा नहीं तोड़ा और सिंगला को बर्खास्त कर दिया।

Scroll to Top