फतेहाबाद। इंडियन नेशनल लोक दल द्वारा हरियाणा के फतेहाबाद में आयोजित रैली में कांग्रेस के अलावा कई दलों के नेताओं ने हिस्सा लिया। NCP प्रमुख शरद पवार, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, राजद नेता तेजस्वी यादव, माकपा नेता सीताराम येचुरी, शिरोमणि अकाली दल, शिवसेना के नेताओं ने केंद्र की बीजेपी सरकार पर जमकर हमला बोला। गौरतलब है कि इनेलो की तरफ से इस रैली के माध्यम से अपनी राजनीतिक जमीन को एक बार फिर से मजबूत बनाने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है।
फतेहाबाद में देवीलाल सम्मान समारोह में पूर्व उपप्रधानमंत्री देवीलाल को श्रद्धांजलि देने के साथ साथ अगले लोकसभा चुनाव में बीजेपी को घेरने और उसपर सरप्राइज अटैक की प्लानिंग भी शुरू हो जाएगी। इसकी कमान बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और इनेलो सुप्रीमो ओमप्रकाश चौटाला ने संभाली है।
मिली जानकारी के अनुसार फतेहाबाद रैली के तुरंत बाद उसी दिन शाम को दिल्ली में नीतीश कुमार और लालू यादव कांग्रेस अध्यक्षा सोनिया गांधी से मुलाकात करेंगे और बीजेपी के खिलाफ विपक्षी एकजुटता के लिए मनाएंगे। तीसरे मोर्चे का पीएम चेहरा किसे बनाया जाएगा, उसे लेकर भी शुक्रवार को फतेहाबाद में अभय चौटाला ने स्पष्ट कहा है कि रैली के बाद दो-तीन बैठकों में संयोजक आदि को लेकर आमराय बना ली जाएगी।
रैली को संबोधित करते हुए NCP नेता शरद पवार ने कहा कि देश की हालत किसानों की वजह से बदली है। किसानों ने अपना खून पसीना दिया, एक साल तक मांगो के लिये धरना दिया। सरकार ने MSP का वादा अपना पूरा नही किया। किसानों पर केस किया गया। आज उनको कोर्ट में जाना पड़ रहा है। महंगाई और बेरोजगारी का संकट है। किसानों ने खेती और पानी के लिये पीएम को चिट्ठी लिखी। किसानों का कर्ज माफ नही किया। 2024 में देश मे जब मौका मिलेगा। किसानों के लिये काम करेंगे। हम किसान विरोधी लोगो को हुकूमत से हटाएंगे।
माकपा नेता सीताराम येचुरी ने कहा कि देश मे नफरत और हिंसा का माहौल बन गया है। सबको मिलकर इसका मुकाबला करना है। केरल में हमारी सरकार है वहां BJP का एक भी विधायक नहीं है। आज राक्षसों के हाथ मे अमृत फंसा है उनसे बाहर निकालना है। भारत को बचाना है इस सरकार को हटाना है।
बिहार के CM नीतीश कुमार ने कहा कि ओम प्रकाश चौटाला को लोगों ने फंसा कर जेल भेज दिया। बिहार में सात पार्टी एक साथ है। 2024 के चुनाव में BJP का जीतना संभव नही है। सबको एक साथ मिलना होगा। सबको जोड़ना होगा। अलग-अलग राज्यो में। 2024 के चुनाव में जीतने की बात तो दूर ये बुरी तरह हारेंगे। मुस्लिम और हिन्दू के बीच कोई झगड़ा नही है। ज़्यादा से ज़्यादा एक जुट हो। मुख्य गठबंधन बनेगा सब लोग मिलकर आगे बढिए। सबसे बात हो रही है। अकाली दल भी हमारे साथ आये है। मेरी कोई अपनी इच्छा नही है देश का विकास हो।
राजद नेता और बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने कहा कि जद (यू), अकाली दल और शिवसेना ने संविधान और लोकतंत्र को बचाने के लिए भाजपा के नेतृत्व वाले NDA को छोड़ दिया। पूर्व उप प्रधान मंत्री देवीलाल की जयंती के अवसर पर इनेलो द्वारा आयोजित रैली को संबोधित करते हुए तेजस्वी यादव ने BJP पर झूठे दावे और वादे का आरोप लगाया। साथ ही उन्होंने BJP को “बड़का झूठा पार्टी” करार दिया। साथ ही उन्होंने कहा कि अब NDA नहीं बचा है। BJP के सहयोगी दलों ने उसका साथ छोड़ दिया है।