मुंबई। भारत में पहली बार ब्लैक कोकीन लाने की कोशिश को नार्कोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) ने नाकाम कर दिया है। NCB ने उच्च गुणवत्ता वाली 3.20 किलो काली कोकीन के साथ एक बोलीवियाई महिला को गिरफ्तार किया है। बरामद नशे की खेप की कीमत 13 करोड़ रुपए है। ब्राजील से आई महिला को मुंबई अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर गिरफ्तार किया गया। इसके बाद मामले में गोवा से एक नाइजीरियाई आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया है। NCB के एक अधिकारी ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर महिला के खिलाफ कार्रवाई की गई। महिला मुंबई पहुंचने के बाद दूसरे हवाई जहाज से गोवा जाने की तैयारी कर रही थी। महिला से NCBअधिकारियों ने पूछताछ शुरू की तो वह संतोषजनक जवाब नहीं दे पाई। इसके बाद उसके बैग की तलाशी ली गई तो उसके पिछले हिस्से में गुप्त रूप से छिपाकर रखी गई काली कोकीन मिली।
साथ मामले में एक महिला को गिरफ्तार किया गया है। ब्लैक कोकीन की खासियत है कि वो स्कैनिंग में भी नहीं पकड़ी जाती। साथ ही खोजी कुत्तों को उसकी गंध भी नहीं आती। इसके अलावा खास बात है कि देश में पहली बार इस तरह का काला कोकीन पकड़ा गया है। खोजी कुत्तों और एजेंसियों की आंख में धूल झोंकने के लिए तस्कर ने कोकीन को एक कैमिकल में मिलाकर उसका रंग बदल दिया था और गंध भी बदल दी ताकि खोजी कुत्ते भी चकमा खा जाएं।
NCB के मुंबई जोनल डायरेक्टर अमित घावटे ने बताया कि मामले में मुंबई एयरपोर्ट और गोवा से कुल 2 लोग गिरफ्तार किए गए हैं। NCB ने जिस कोकीन को बरामद किया है उसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में 13 करोड़ रुपये के करीब कीमत बताई जा रही है। भारत में दूसरे देशों से नशे की समग्री और अन्य मादक पदार्थ तस्करी कर लाने के मामले रोज सामने आते रहते हैं, जिनको जांच एजेंसियों समय-समय पर एक्सपोज करती रहती हैं।