-राज्य में हो सकते हैं कई हमले, अधिकारियों ने जताई आशंका
-12 सितंबर मंगलवार सुबह कांगपोकपी जिले में अज्ञात लोगों द्वारा तीन आदिवासियों की गोली मारकर हत्या करने के एक दिन बाद हुआ है।
चुराचांदपुर, एजेंसी । मणिपुर में जारी हिंसा के बीच एक सब इंस्पेक्टर की हत्या की खबर आयी है। बहुसंख्यक मैतेई समुदाय और आदिवासी कुकी के बीच लगातार झड़पें हो रही हैं। इस हिंसक मामले में अब तक 180 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है। मणिपुर के चुराचांदपुर जिले में चिंगफेई बंकर नंबर 1 पर ड्यूटी पर तैनात एक सब इंस्पेक्टर की बुधवार दोपहर गोली मारकर हत्या कर दी गई।
इस बात की जानकारी अधिकारियों ने देते हुए बताया कि पुलिसकर्मी की पहचान ओंखोमांग के रूप में हुई है। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मी को दोपहर 1 बजे से 1.30 बजे के बीच में एक स्नाइपर ने सिर में गोली मारी है। अधिकारियों ने बताया कि इस दुखद घटना में दो अन्य लोगों को भी गोली लगी है, हालांकि अभी उनकी पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने बताया कि अभी तक इस घटना के बारे में कोई और जानकारी नहीं मिली है। आपको बता दें कि यह हमला 12 सितंबर (मंगलवार) सुबह कांगपोकपी जिले में अज्ञात लोगों द्वारा तीन आदिवासियों की गोली मारकर हत्या करने के एक दिन बाद हुआ है।
राज्य में हो सकते हैं कई हमले, अधिकारीयों ने जताई आशंका
हिंसाग्रस्त मणिपुर के इंफाल वेस्ट जिले में गांववालों पर बम फेकें गए। राज्य के इंफाल वेस्ट जिले के एक गांव में अज्ञात बंदूकधारियों ने लोगों पर हमला किया और बम फेंके। यह वही जगह है जहां मंगलवार को 3 लोगों की जान गई थी। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।अधिकारियों ने जानकारी देते हुए बताया कि संदेह है कि हमलावर प्रतिबंधित आतंकवादी समूहों के सदस्य थे। इंफाल वेस्ट जिला कांगपोकपी से सटा है, जहां एक दिन पहले तीन लोगों की हत्या कर दी गई थी। अधिकारियों के मुताबिक, कौतरुक गांव में मंगलवार देर रात हथियारबंद लोगों ने कम से कम 10 बम फेंके। हालांकि, इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ।
पुलिस अधिकारियों ने जानकारी देते हुए कहा कि कौट्रुक गांव में हुई घटना में कोई घायल नहीं हुआ है। अधिकारी ने बताया इस गांव में हथियारबंद लोगों ने मंगलवार देर रात कम से कम दस बम फेंके। एक अधिकारी ने बताया कि बम हमले से ग्रामीणों के बीच दहशत फैल गई और पूरे इलाके में तैनात भारतीय रिजर्व बटालियन के जवानों ने जवाबी कार्रवाई में गोलियां चलाईं।
राज्य में जो ताजा हिंसा हुई वह अज्ञात हथियारबंद लोगों द्वारा मंगलवार सुबह कांगपोकपी जिले के खारम वैफेई गांव के पास आदिवासी समुदाय के तीन लोगों की हत्या करने के बाद हुई है। इस हिंसा का गैरकानूनी आतंकवादी समूहों के सदस्यों द्वारा की गई हिंसा का संदेह है।
अधिकारियों ने बताया कि जिले के कई हिस्सों में अभी भी तनाव बना हुआ है क्योंकि तीन लोगों की हत्या के बाद नए हमलों की आशंका है।आपको बता दें कि कौट्रुक इंफाल घाटी में सबसे बुरी तरह से हिंसा प्रभावित क्षेत्रों में से एक है और 3 मई को झड़प के बाद से यहां दो युद्धरत समूहों के बीच कई बार गोलीबारी हुई है।
मणिपुर के अलग-अलग जिलों से लगातार हिंसक घटनाओं की खबरें सामने आ रही है। बीते कुछ दिन पहले 8 सितंबर को टेंगनौपाल जिले के पल्लेल में तीन लोग के मारे जाने और 50 से अधिक लोगों के घायल होने की खबर आई थी।