भारत के विश्वसनीय दोस्त जापान के पूर्व पीएम शिंजो आबे का निधन PM नरेंद्र मोदी ने जताया दुख

DrashtaNewsनई दिल्ली। जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे की गोली मारकर हत्या कर दी गई। शिंजो आबे को उस वक्त […]

DrashtaNews

नई दिल्ली। जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे की गोली मारकर हत्या कर दी गई। शिंजो आबे को उस वक्त गोली मारी गई, जब वह एक सभा को संबोधित कर रहे थे। शिंजो आबे की मौत के बाद भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जताया है।
जापान के पूर्व पीएम शिंजो आबे की मौत हो गई है। आज सुबह ही नारा शहर में एक रैली के दौरान हमलावर ने उन पर हमला कर दिया था और उन्हें दो गोलियां मारी थीं। इसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई थी। डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की तमाम कोशिशें कीं, लेकिन बचाया नहीं जा सका। जापान के NHK वर्ल्ड रेडियो ने उनकी मौत की पुष्टि की है। पश्चिम जापान के नारा शहर में शुक्रवार सुबह ही वह एक चुनावी रैली को संबोधित कर रहे थे। इसी दौरान उनके बेहद करीब आकर हमलावर ने उन पर एक के बाद एक दो गोलियां दाग दी थीं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे को अपना घनिष्ठ मित्र और भारत का ‘‘विश्वसनीय दोस्त” बताया और कहा कि उनके कार्यकाल में भारत-जापान के राजनीतिक संबंधों को नयी ऊंचाई मिली। भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के दिवंगत नेता व पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण जेटली की याद में आयोजित ‘‘प्रथम अरुण जेटली स्मृति व्याख्यान” को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि आज भारत में जापान के सहयोग से जो कार्य हो रहे हैं, उनकी बदौलत आबे भारत के जन-मन में सालों-साल तक बसे रहेंगे।
मोदी ने कहा, ‘‘आज का दिन मेरे लिए अपूरणीय क्षति और असहनीय पीड़ा का दिन है। मेरे घनिष्ठ मित्र और जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे अब हमारे बीच नहीं रहे। आबे मेरे तो साथी थे ही, वह भारत के भी उतने ही विश्वसनीय दोस्त थे। मैं अपने दोस्त को अंतिम विदाई देता हूं। ” उन्होंने कहा कि उनके कार्यकाल में भारत-जापान के राजनीतिक संबंधों को नई ऊंचाई तो मिली ही, दोनों देशों की साझी विरासत से जुड़े रिश्ते भी खूब आगे बढ़े।

आबे जापान के सबसे शक्तिशाली और प्रभावशाली नेताओं में शुमार थे। देश के पश्चिमी हिस्से में चुनाव प्रचार के एक कार्यक्रम में भाषण के दौरान शुक्रवार को उन्हें गोली मार दी गई थी।गोलियां लगने के तुरंत बाद शिंजो आबे जमीन पर गिर पड़े थे और उसके बाद तुरंत उन्हें अस्पताल ले जाया गया था। उन्हें एयरलिफ्ट करके ले जाया गया था, लेकिन अस्तपाल में तमाम कोशिशों के बाद भी बचाया नहीं जा सका। डॉक्टरों का कहना है कि उनके दिल ने काम करना बंद कर दिया था और उन्हें सांस लेने में परेशानी हो रही थी। उन्हें गहन चिकित्सा निगरानी में रखा गया था, लेकिन उनकी तबीयत लगातार बिगड़ती जा रही थी। 67 वर्षीय शिंजो आबे जापान के सबसे लंबे वक्त तक पीएम रहने वाले शख्स थे। वह 2006 से 2007 के दौरान और फिर 2012 से 2020 के दौरान पीएम रहे थे। उनके दादा भी जापान के प्रधानमंत्री थे और फिर उनके पिता भी देश के विदेश मंत्री थे।

पुलिस ने शिंजो आबे पर हमला करने वाले शख्स को तत्काल गिरफ्तार कर लिया है। 41 वर्षीय आरोपी का नाम तेत्सुया यामागामी बताया जा रहा है। फिलहाल, पुलिस यामागामी से पूछताछ कर रही है। वहीं, मौजूद पीएम फुमिया किशिदा ने भी ऐलान कर दिया है कि इस घटना को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यामागामी ने शॉटगन से आबे पर हमला किया था। यह हमला तब हुआ जब पूर्व पीएम नारा शहर स्थित यामातो सैदाजी स्टेशन पर भाषण दे रहे थे। घटना से जुड़े कुछ वीडियो भी सामने आए हैं।

दुनिया के सबसे सुरक्षित देशों में से एक माने जाने वाले जापान में 67 वर्षीय आबे को गोली मारे जाने की घटना ने लोगों को स्तब्ध कर दिया है। पुलिस ने घटनास्थल पर ही संदिग्ध हमलावर को गिरफ्तार कर लिया। घटना के बाद प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा और उनके कैबिनेट मंत्री देशभर में अन्य प्रचार अभियानों को बीच में रोक कर टोक्यो लौट आए। किशिदा ने इस हमले को ‘‘कायराना और बर्बर” बताया और कहा कि चुनावी अभियान के दौरान हुआ यह अपराध पूरी तरह अक्षम्य है।

Scroll to Top