-बिहार में महागठबंधन के सीटों का बंटवारा हुआ, RJD 26 और कांग्रेस 9 सीटों पर लड़ेगी चुनाव
पटना। लोकसभा चुनाव अब बेहद नजदीक आ चुके हैं। ऐसे में तमाम दलों के बीच सीट बंटवारा भी अंतिम दौर में पहुंच चुका है। पिछले कुछ दिनों से बिहार में महागठबंधन में सीट बंटवारे की कोशिश चल रही थी। अब महागठबंधन की सीटों का बंटवारा हो गया है। पटना में राजद ऑफिस में जॉइंट प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसका ऐलान किया गया। RJD 26 सीटों पर चुनाव लड़ेगी, जबकि कांग्रेस को 9 और लेफ्ट को 5 सीटें मिली हैं। लेफ्ट की पांच सीटों में से माले 3, CPI बेगूसराय और CPM खगड़िया से चुनाव लड़ेगी।
सबसे ज्यादा पेंच पूर्णिया सीट को लेकर था। सीट बंटवारे में कांग्रेस को पूर्णिया सीट नहीं मिली है। दरअसल पप्पू यादव भी पूर्णिया से टिकट चाहते थे। आरजेडी ने इस सीट से बीमा भारती को मैदान पर उतारा है। इसकी वजह से पप्पू यादव का पत्ता कट गया है। जदयू से RJD में आईं बीमा भारती इस सीट पर महागठबंधन की उम्मीदवार होंगी। पिछली लोकसभा चुनाव में लालू की पार्टी RJD 19 और कांग्रेस 9 सीटों पर चुनाव लड़ी थी। लेफ्ट ने अलग होकर 6 सीटों पर अपने उम्मीदवार खड़े किए थे।
दिल्ली में हुई महागठबंधन की बैठक,
दिल्ली में हाल ही में हुई बैठक में महागठबंधन के सभी दलों के प्रमुख नेता मौजूद थे। जिसमें सीट बंटवारा सबसे अहम मुद्दा रहा। बता दें कि कांग्रेस ने 2019 में भी 9 सीटों पर चुनाव लड़ा था। इनमें से पार्टी को सिर्फ एक सीट पर जीत हासिल हुई थी। वहीं आरजेडी एक भी सीट हासिल नहीं कर सकी थी। वहीं एनडीए ने 40 में से 39 सीटें जीती थीं, जिनमें से बीजेपी ने 17 सीटों , नीतीश कुमार की जनता दल यूनाइटेड सिर्फ एक सीट पीछे रही और चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी सभी 6 सीटों पर चुनाव जीती थी।
दिल्ली में राजद और कांग्रेस नेताओं के बीच 3 दिनों तक मंथन के बाद नियम और शर्तों के साथ फॉर्मूला तय हुआ है। अब भी तेजस्वी यादव दिल्ली में हैं। पटना में RJD दफ्तर में RJD के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह, RJD नेता अब्दुल बारी सिद्दीकी, श्याम रजक, उदय नारायण चौधरी और लेफ्ट पार्टियों से धीरेंद्र झा, राम नरेश पांडेय मौजूद थे।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस नेताओं को नहीं मिला बोलने का मौका
आमतौर पर संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में सभी पार्टियों के प्रमुख नेताओं को बोलने का मौका मिलता है। लेकिन महागठबंधन के आज की प्रेस कॉन्फ्रेंस में राजद के दो नेताओं अब्दुलबारी सिद्दीकी और मनोज झा ने बस अपनी बात रखी। बाकी पार्टियों यानी कांग्रेस से प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह और लेफ्ट पार्टियों के नेताओं को बोलने का कोई मौका नहीं दिया गया। इतना ही नहीं पप्पू यादव के चुनाव लड़ने को लेकर जब सवाल हुए तो प्रेस कॉन्फ्रेंस ही खत्म कर दी गई।
राजद इन 26 सीटों पर लड़ेगी
औरंगाबाद, गया, जमुई, नवादा, सारण, पाटलिपुत्र, बक्सर, उजियारपुर, जहानाबाद, दरभंगा, बांका, अररिया, मुंगेर, सीतामढ़ी, झंझारपुर, मधुबनी, सीवान, शिवहर, वैशाली, हाजीपुर, सुपौल, वाल्मिकीनगर, पूर्वी चंपारण, पूर्णिया, मधेपुरा, गोपालगंज
कांग्रेस इन 9 सीटों पर लड़ेगी चुनाव
किशनगंज, कटिहार, समस्तीपुर, पटना साहिब, सासाराम, पश्चिमी चंपारण, मुजफ्फरपुर, भागलपुर, महाराजगंज
वाम दल को ये 5 सीटें मिलीं
भाकपा-माले (लिबरेशन) को 3 सीट- आरा, काराकाट, नालंदा
सीपीआई को बेगूसराय
सीपीएम को खगड़िया की सीट मिली है।
पहले चरण की 4 सीटों के लिए 72 नामांकन, सर्वाधिक औरंगाबाद में
पहले चरण की 4 सीटों के लिए नामांकन का सिलसिला गुरुवार खत्म हो गया। चारों सीटों पर अंतिम दिन 62 दलीय-निर्दलीय उम्मीदवारों ने पर्चा भरा। इस चरण के नामांकन पत्रों की स्क्रूटनी 30 मार्च को होगी। 2 अप्रैल नाम वापसी का आखिरी दिन है। मतदान 19 अप्रैल को होगा। 2019 में इन्हीं सीटों पर 60 ने नामांकन किया था।