नई दिल्ली। यशवंत सिन्हा को हराकर द्रौपदी मुर्मू देश की पहली महिला आदिवासी राष्ट्रपति बन गई हैं। तीसरे राउंड के बाद द्रौपदी मुर्मू ने 50 फीसदी के आंकड़े को पार कर लिया है हालांकि अभी एक और राउंड की वोटों की गिनती होनी बाकी है। राष्ट्रपति पद के चुनाव में द्रौपदी ने विपक्ष के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा को पराजित किया। विपक्षी उम्मीदवार यशवंत सिन्हा के मुकाबले उन्हें दो तिहाई के करीब वोट मिले हैं। देश के पहले आदिवासी नेता के तौर पर राष्ट्रपति बनने के बाद द्रौपदी मुर्मू को बधाई देने वालों का क्रम शुरू हो गया है। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने घर पहुंचकर उन्हें बधाई दी। पीएम मोदी ने भी मुर्मू के घर पहुंचकर उन्हें बधाई दी। पीएम ने कहा कि देश ने इतिहास रचा है।
द्रौपदी मुर्मू को बधाई देते हुए पीएम ने अपने संदेश में लिखा, “द्रौपदी मुर्मू जी एक असाधारण विधायक और मंत्री रही हैं। झारखंड के राज्यपाल के तौर पर उनका बेहतरीन कार्यकाल रहा है। मुझे यकीन है कि वे उत्कृष्ट राष्ट्रपति साबित होंगी जो आगे बढ़कर नेतृत्व करेंगी और भारत की विकास यात्रा को मजबूत करेंगी। “पीएम नरेंद्र मोदी, उनके कैबिनेट के वरिष्ठ सदस्य और BJP प्रमुख जेपी नड्डा ने द्रौपदी मुर्मू के आवास पर पहुंचकर उनको बधाई दी।
राष्ट्रपति चुनाव में विपक्ष के उम्मीदवार रहे यशवंत सिन्हा ने द्रौपदी मुर्मू को जीत पर बधाई दी है। सिन्हा ने कहा, “मैं राष्ट्रपति चुनाव में जीत पर द्रौपदी मुर्मू को दिल से बधाई देता हूं। मुझे उम्मीद है और वास्तव में हर भारतीय को उम्मीद है कि देश के 15वें राष्ट्रपति के तौर पर वे बिना किसी डर और पक्षपात के संविधान के संरक्षक के रूप में कार्य करेंगी। ”
राष्ट्रपति पद की दौड़ में विजेता बनकर उभरी‘‘ओडिशा की बेटी” द्रौपदी मुर्मू के गृह नगर रायरंगपुर समेत पूरे राज्य में जश्न का माहौल है। मयूरभंज जिले के रायरंगपुर शहर स्थित मुर्मू के आवास के बाहर लोगों का जमावड़ा लगा है और वे आदिवासी संगीत पर थिरक रहे हैं। उत्सव का ऐसा ही नजारा जिले के पहाड़पुर गांव में भी है जो कि मुर्मू का ससुराल है। द्रौपदी मुर्मू भारत की 15वीं राष्ट्रपति हैं। तीसरे राउंड में कर्नाटक, केरल, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, मणिपुर, मेघालय, मिजोरम, नागालैंड, ओडिशा और पंजाब के वोटों की गिनती हुई। इस राउंड में कुल वैध वोट 1333 रहे जिनकी वैल्यू 1,65,664 है।
द्रौपदी मुर्मू को 812 वोट मिले जबकि यशवंत सिन्हा को 521 वोट मिले.दूसरे राउंड की बात करें तो इसमें वर्णानुक्रम में आने वाले पहले 10 राज्यों के बैलेट पेपर की गणना की गई, इसमें कुल 1138 वोट पड़े जिनकी कुल वैल्यू 1,49,575 है। इन वोटों में से द्रौपदी मुर्मू को 809 वोट (वैल्यू 1,05,299) मिले हैं जबकि यशवंत सिन्हा को 3329 वोट मिले हैं जिनकी वैल्यू 44,276 है। पहले राउंड के बाद जानकारी दी गई थी कि सांसदों के कुल वैध मतों की संख्या 748 थी, जिनमें से 540 वोट द्रौपदी मुर्मू के समर्थन में रहे जबकि 204 वोट विपक्ष के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा को हासिल हुए हैं।
बता दें कि द्रौपदी मुर्मू के नाम का ऐलान भाजपा की ओर से विपक्षी उम्मीदवार यशवंत सिन्हा की घोषणा के बाद किया गया था। इसके बाद भी विपक्षी दलों में से कई पार्टियों ने द्रौपदी मुर्मू को समर्थन किया। बीजेडी, वाईएसआर कांग्रेस, झारखंड मुक्ति मोर्चा, अकाली दल, शिवसेना, तेलगु देशम पार्टी समेत कई ऐसे दलों ने द्रौपदी मुर्मू को समर्थन किया, जो NDA का हिस्सा नहीं हैं। देश की पहली महिला आदिवासी उम्मीदवार के नाम पर द्रौपदी मुर्मू को यह समर्थन मिला है। यहां तक कि खुद यशवंत सिन्हा का नाम सुझाने वालीं ममता बनर्जी ने भी चुनाव से कुछ वक्त पहले कहा था कि यदि बीजेपी ने हमें उनके नाम के बारे में पहले ही बताया होता तो हम जरूरी विचार करते।