लखनऊ। यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने बड़ा ऐलान किया है। सीएम योगी ने 3 महीने के लिए मुफ्त राशन योजना बढ़ा दी है। योगी आदित्यनाथ ने बताया कि यूपी की 15 करोड़ जनता को नि:शुल्क खाद्यान योजना तीन माह तक के लिए बढ़ा दी गई है। पहले यह योजना मार्च 2022 तक थी। मगर यूपी की योगी आदित्यनाथ कैबिनेट की पहली बैठक में इस योजना को 3 माह तक बढ़ाने पर मुहर लगाई गई है।
शनिवार को लोकभवन में संपन्न योगी 2.0 कैबिनेट की पहली बैठक में इस बाबत औपचारिक निर्णय लिया गया, जिसकी जानकारी खुद मुख्यमंत्री ने दी। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में नवगठित सरकार का पहला निर्णय 15 करोड़ गरीब जनता-जनार्दन को समर्पित है। कोरोना काल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हर नागरिक को संबल प्रदान करने के उद्देश्य से अन्न योजना प्रारम्भ की थी। अप्रैल 2020 से आज मार्च 2022 तक देश की 80 करोड़ जनता को इसका सीधा लाभ मिल रहा है। वहीं राज्य सरकार ने केंद्र सरकार के अतिरिक्त मुफ्त राशन वितरण की योजना संचालित की है।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि मुफ्त टेस्ट, ट्रीटमेंट और टीका के प्रयास से कोरोना पर काबू पाया गया तो महामारी से उपजने वाली भुखमरी की समस्या के निदान में मुफ्त राशन की योजना बहुत उपयोगी रही है। अंत्योदय एवं पात्र गृहस्थी कार्ड धारक 15 करोड़ प्रदेशवासी डबल इंजन की सरकार में मुफ्त राशन की डबल डोज प्राप्त कर रहे हैं। इस योजना की अवधि मार्च 2022 में समाप्त हो रही थी, जिस पर विचार करते हुए नई सरकार की पहली कैबिनेट बैठक में इसे अगले तीन माह तक बढ़ाये जाने का फैसला किया गया है। राशन वितरण की पारदर्शी व्यवस्था पर जोर देते हुए उन्होंने बताया कि 80 हजार उचित दर की दुकानों पर ई- पॉश मशीनें लगी हैं, इससे सही लाभार्थी तक राशन वितरण संभव हो रहा है।
बता दें कि अप्रैल 2020 से केंद्र सरकार के अलावा राज्य सरकार अपने संसाधनों से 15 करोड़ गरीब जनता को मुफ्त राशन उपलब्ध करा रही है। योजनांतर्गत अंत्योदय कार्ड धारकों को राज्य सरकार द्वारा 35 किलोग्राम खाद्यान्न दिया जाता है, जबकि पात्र गृहस्थी को प्रति यूनिट 05 किलोग्राम खाद्यान्न मिल रहा है। इसके अलावा बीते दिसंबर 2021 से राज्य सरकार ने खाद्यान्न के साथ-साथ 01 लीटर रिफाइंड तेल, 01 किलो दाल और 01 किलो नमक भी दे रही है। जबकि अंत्योदय श्रेणी के परिवारों को 01 किलो चीनी भी मुहैया कराई जा रही है। कैबिनेट के निर्णय के बाद अब यह योजना जून 2022 तक के लिए बढ़ा दी गई है।
PM गरीब कल्याण अन्न योजना छह महीना बढ़ाकर 30 सितंबर 2022 तक कर दी गयी
योगी आदित्यनाथ सरकार 2.0 की पहली कैबिनेट बैठक में भाग लेने भाजपा की सरकार में पहली बार मंत्री बने निषाद पार्टी के डा. संजय निषाद तथा सपा से भाजपा में आने वाले नितिन अग्रवाल भी थे। इनके साथ जितिन प्रसाद तथा संदीप सिंह भी थे। राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार संदीप सिंह ने कहा कि आज पहली कैबिनेट बैठक है और आज की इस बैठक में संभव है कि महत्वपूर्ण निर्णय लिया जाएगा। कैबिनेट बैठक में शामिल होने डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य तथा ब्रजेश पाठक भी पहुंचे। सुरेश कुमार खन्ना तथा पहली बार कैबिनेट मंत्री बने राकेश सचान भी बैठक में थे।
One thought on “भाजपा को चुनावी फायदा पहुँचाने वाली मुफ्त राशन योजना सीएम योगी ने 3 महीने के लिए बढ़ाई”