Site icon Drashta News

गुजरात के मोरबी में 100 साल पुराना केबल पुल टूटने से अब तक 91 लोगों की मौत, SIT जांच के आदेश

DrashtaNews

बचाव कार्य में जुटी NDRF नेवी और एयर फोर्स

सरकार ने गुजरात के लिए हेल्पलाइन नंबर – 02822 243300 जारी किया है। 

अहमदाबाद। गुजरात के मोरबी में रविवार शाम को मच्छु नदी पर बना केबल पुल टूटने से एक बड़ा हादसा हो गया। इस घटना के दौरान पुल के ऊपर खड़े कई लोग नदी में गिर गए। हादसे में 91 लोगों की मौत हो गई है।  100 घायल व्यक्ति मोरबी अस्पताल में भर्ती हैं। मरने वालों में महिलाओं और बच्चों की संख्या अधिक बताई जा रही है। घायलों में मरने वालों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। मुख्यमंत्री अपने सभी कार्यक्रम रद्द कर घटनास्थल पर पहुंच गए हैं। वहीं, सरकार ने इस घटना का संज्ञान लेते हुए इसकी SIT जांच के आदेश दे दिए हैं। मुख्यमंत्री, गृह मंत्री, राजस्व मंत्री व रेंज आईजी समेत उच्चाधिकारी मौके पर मौजूद हैं। बताया जाता है कि जब पुल गिरा उस समय उस पर करीब 500 लोग सवार थे। मौके पर बचाव कार्य जोरों से चल रहा है।

रिपोर्टों के मुताबिक मोरबी में आज सस्पेंशन ब्रिज गिर गया। कई लोगों के अभी भी पानी में फंसे होने की आशंका है। इस पुल को चार दिन पहले मरम्मत के बाद खोला गया था। गुजरात सरकार ने इस दुर्घटना की जिम्मेदारी ली है। रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है, लेकिन अंधेरा होने के चलते रेस्क्यू में काफी दिक्कतें आ रही हैं। पुलिस और प्रशासन की मदद के लिए NDRF की तीन की टीमें भी जल्द मौके पर पहुंच गयी हैं। NDRF के डीआईजी मोहसेन शाहिदी ने कहा कि NDRF की दो और टीमों को वडोदरा हवाई अड्डे से राजकोट हवाई अड्डे के लिए रवाना किया जा रहा है।

इससे पहले राजकोट से बीजेपी के सांसद मोहनभाई कल्याणजी कुंदरिया ने कहा था कि, ”मोरबी केबल ब्रिज ढहने की घटना के बाद 60 से अधिक शव बरामद किए गए हैं। मरने वालों में से अधिकांश बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग हैं. बाकी लोगों को बचा लिया गया है। NDRF का रेस्क्यू ऑपरेशन चल रहा है। हम इस मामले को बहुत गंभीरता से ले रहे हैं, यह बहुत दुखद है। ”

गुजरात के गृह मंत्री हर्ष सांघवी मोरबी में मौजूद हैं। PM मोदी आज गुजरात में थे। उन्होंने गुजरात के CM को फोन करके स्थिति का जायजा लेने को कहा है।  NDRF की टीमें, फायर ब्रिगेड, स्टीमर को राजकोट, कच्छ से तुरंत मोरबी पहुंचाया गया है।

ओरेवा ग्रुप को दिया गया था टेंडर

मोरबी केबल ब्रिज कई साल पहले बना एक ऐतिहासिक पुल था। मरम्मत और जीर्णोद्धार के बाद गुजराती नववर्ष के अवसर पर 26 अक्टूबर को इस पुल का उद्घाटन किया गया था. रिपोर्टों के मुताबिक, पुल के नवीनीकरण के लिए सरकारी टेंडर ओधवजी पटेल के स्वामित्व वाले ओरेवा ग्रुप को दिया गया था।

मोरबी सस्पेंशन ब्रिज के गिरने की घटना की जांच के लिए पांच सदस्यीय समिति गठित कर दी गई है। इस कमेटी में नगर प्रशासन आयुक्त राजकुमार बेनीवाल, मुख्य अभियंता गुणवत्ता नियंत्रण), आर एंड बी डिवीजन, गांधीनगर केएम पटेल, अहमदाबाद के एलडी इंजीनियरिंग कॉलेज के स्ट्रक्चरल इंजीनियरिंग हेड डॉ गोपाल टैंक, सड़क एवं भवन के सचिव संदीप वसावा, आईजी- सीआईडी ​​क्राइम सुभाष त्रिवेदी शामिल हैं।

घटना स्थल पर मौजूद गुजरात के पंचायत मंत्री बृजेश मेरजा ने एएनआई से कहा कि, मोरबी में हुए हादसे से हम वास्तव में दुखी हैं। PM  मोदी ने मुझसे स्थिति के बारे में जानकारी ली और गुजरात के CM भी जायजा ले रहे हैं। स्थानीय नेता भी घायलों की मदद में जुटे हैं।

सीएम ने मुआवजे का किया ऐलान

गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने हादसे पर दुख जताते हुए मृतकों के परिवार के लिए 4-4 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये देने का ऐलान किया है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मोरबी में हुए हादसे में जान गंवाने वालों में से प्रत्येक के परिजनों के लिए PMNRF से दो लाख रुपये की मदद राशि की घोषणा की है। प्रत्येक घायल को 50,000 रुपये दिए जाएंगे। राज्य सरकार प्रत्येक मृतक के परिवार को चार लाख रुपये और प्रत्येक घायल को 50,000 रुपये का मुआवजा देगी।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने गुजरात में मोरबी केबल पुल गिरने की घटना पर चिंता व्यक्त की है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मोरबी में हुए हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने कहा है कि इस विषय में उन्होंने गुजरात के गृह राज्यमंत्री हर्ष संघवी व अन्य अधिकारियों से बात की है।  स्थानीय प्रशासन पूरी तत्परता से राहत कार्य में लगा है।

मोरबी हादसे पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने दुख जताया है। उन्होंने कहा कि, हादसे में कई लोगों की मृत्यु हृदयविदारक है. ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें. मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। लापता लोगों की कुशलता की कामना करता हूं।  घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना है।

भारत जोड़ो यात्रा के तहत पदयात्रा कर रहे कांग्रेस के नेता राहुल गांधी ने मोरबी की घटना पर दुख जताया है।   दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने मोरबी हादसे पर दुख व्यक्त किया है।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने मोरबी हादसे को लेकर पार्टी के गुजरात प्रभारी डॉ रघु शर्मा, गुजरात प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और कांग्रेस विधायक दल के नेता से बात की।

यह पुल करीब 100 साल पुराना बताया जा रहा है और कुछ दिन पहले ही इसकी मरम्मत कराई गई थी। मरम्मत के बाद 5 दिन पहले ही इसे आम जनता के लिए फिर से खोला गया था।  गुजरात के गृह मंत्री हर्ष संघवी ने ANI से कहा कि, मोरबी केबल ब्रिज ढह गया है।  यह दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। शाम को करीब साढ़े छह बजे मोरबी में पुल ढह गया। फायर ब्रिगेड, कलेक्टर, जिले के एसपी, डॉक्टर, एंबुलेंस महज 15 मिनट में मौके पर पहुंच गए।

उन्होंने दावा किया कि, ”हम वहां ज्यादातर लोगों को बचाने में सफल रहे हैं, हमें केंद्र से हर तरह की मदद मिल रही है। NDRF और अन्य एजेंसियों को मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए हैं। गिरने से घायल हुए ज्यादातर लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।”

PM नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और संबंधित अधिकारियों से मोरबी में हुई दुर्घटना के संबंध में बात की। उन्होंने बचाव अभियान के लिए तत्काल टीमों को लगाने के लिए कहा है। उन्होंने स्थिति की बारीकी से और लगातार निगरानी करने और प्रभावित लोगों को हरसंभव मदद देने को कहा है।

Exit mobile version