Site icon Drashta News

भारत जोड़ो यात्रा में सचिन पायलट और अशोक गहलोत हुए एक साथ

DrashtaNews

नई दिल्ली। राजस्थान में तमाम बयानबाजियों को दरकिनार करते हुए पार्टी के दो शीर्ष नेता सचिन पायलट और अशोक गहलोत अब एक साथ आ गए हैं। कुछ दिन पहले दोनों के बीच आपसी विवाद की खबरें सामने आई थीं। इस मौके पर अशोक गहलोत ने कहा कि राजस्थान में सब एक हैं। हम दोनों एक हैं। यह पार्टी की खूबसूरती है। उल्लेखनीय है कि राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कुछ दिनों पहले सचिन पायलट को ‘गद्दार’ बताया था। उसके बाद यह पहला मौका है जब दोनों नेता एक साथ आए हों।

दोनों नेताओं ने पार्टी नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के बारे में बातचीत की। राहुल की भारत जोड़ो यात्रा 4 दिसंबर को राजस्‍थान में प्रवेश करेगी। राजस्‍थान के जयपुर शहर में पत्रकारों से मुखातिब होते हुए एक-दूसरे के बगल में खड़े इन दोनों नेताओं ने इस बात पर जोर दिया कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा राजस्‍थान में बड़ी सफलता हासिल करेगी। यात्रा 4 दिसंबर को प्रदेश में प्रवेश करेगी। सीएम गहलोत ने कहा, “हमारे लिए पार्टी सर्वोच्‍च है। हम चाहते हैं कि पार्टी आगे बढ़े और अपना गौरव हासिल करे।”

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि देश महंगाई और भारी बेरोजगारी से जूझ रहा है तो राहुल गांधी शांति का संदेश दे रहे हैं। चुनौती देशभर में बढ़ रहे तनाव से निपटने की है। गहलोत ने कहा कि राहुल गांधी के संदेश को सभी ने स्वीकार किया है। गहलोत ने भाजपा पर निशाना साधा और कहा कि भाजपा यात्रा से डरती है। भाजपा लोगों को यात्रा के खिलाफ भड़का रही है। उन्‍होंने कहा कि देश में तनाव और खौफ का माहौल है और यह एक बड़ी चुनौती है लेकिन यात्रा की सफलता ने दिखाया है कि लोगों ने राहुल गांधी द्वारा उठाए गए मुद्दों का पूरी तरह से समर्थन किया है। सचिन पायलट ने इस अवसर पर कहा कि राहुल गांधी की अगुवाई वाली भारत जोड़ो यात्रा का राजस्‍थान में पूरे जोश और ऊर्जा के साथ स्‍वागत किया जाएगा।

उन्होंने  कहा था ‘‘ हमारी पार्टी की सबसे बड़ी खूबी यही है। आजादी से पहले और आजादी के बाद, जो नंबर एक नेता होता है उनके अनुशासन में पार्टी चलती हैं। हमारे यहां राहुल गांधी के कहने के बाद कोई गुंजाइश नहीं रहती। ”गहलोत ने कहा कि सभी नेता ‘‘भारत जोड़ो यात्रा” को राज्य में एक साथ मिलकर सफल बनाएंगे। गौरतलब है कि अशोक गहलोत और सचिन पायलट के बीच सत्ता की खींचतान के बीच राहुल गांधी ने सोमवार को इंदौर में कहा था कि दोनों नेता पार्टी के लिए धरोहर हैं।

Exit mobile version