Site icon Drashta News

यूक्रेन पर पुतिन की सेना परमाणु हमला कर सकती है, भारत ने रूस को दी खुली चेतावनी

DrashtaNews

मास्को। यूक्रेन में जारी युद्ध के बीच परमाणु हमले का खतरा बढ़ता जा रहा है। ‘डर्टी बम’ के बहाने पुतिन की सेना यूक्रेन पर परमाणु हमला कर सकती है।  रूस के रक्षा मंत्री सर्गेई शोइगु और भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के बीच बुधवार को फोन पर बातचीत हुई।  इस दौरान राजनाथ सिंह ने अपने रूसी समकक्ष सर्गेई शोइगु से कहा कि यूक्रेन युद्ध में किसी भी पक्ष द्वारा परमाणु हथियारों का इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि “के परमाणु या रेडियोलॉजिकल हथियारों के उपयोग की संभावना मानवता के मूल सिद्धांतों खिलाफ है।” सिंह ने शोइगु से कहा, बातचीत और कूटनीति के माध्यम से युद्ध को तुरंत रोका जाए। 

दरअसल, रूस ने दावा किया है कि यूक्रेन रेडियोधर्मी उपकरण यानी ‘डर्टी बम’ के जरिए उसे उकसाने की कोशिश कर रहा है। रूस का दावा है कि यूक्रेन ऐसे बम से उकसाने की कोशिश कर रहा है जिसमें परमाणु क्षमता हो सकता है। हालांकि रूस को अब भारत से भी खुली चेतावनी मिली है। 

न्यूज एजेंसी रॉयटर्स के खबर के अनुसार रूस के रक्षा मंत्रालय की तरफ से जारी बयान में कहा गया है कि इस मुद्दे पर नाटो के रक्षा मंत्रियों के साथ भी शोइगु ने रविवार को कई बार बातचीत की। वहीं यूक्रेन और उसके सहयोगियों ने रूस के इस आरोप को खारिज कर दिया है कि कीव एक रेडियोधर्मी “खतरनाक बम” के उपयोग करने की तैयारी कर रहा है। साथ ही यूक्रेन की तरफ से कहा गया है कि रूस युद्ध को और अधिक बढ़ाने के लिए इस तरह की बातों का प्रयोग कर रहा है। 

जिसके बाद रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रूसी समकक्ष सर्गेई शोइगु से कहा कि यूक्रेन संघर्ष का समाधान संवाद और कूटनीति के माध्यम से निकाला जाना चाहिए और किसी भी पक्ष को परमाणु विकल्प पर विचार नहीं करना चाहिए। रक्षा मंत्रालय ने कहा कि शोइगु ने फोन पर हुई बातचीत में सिंह को यूक्रेन के मौजूदा हालात से अवगत कराया जिसमें ‘डर्टी बम’ का इस्तेमाल करके उकसावे वाली कार्रवाई को लेकर चिंताएं शामिल हैं। रूस और यूक्रेन में बढ़ती शत्रुता के बीच रूस के रक्षा मंत्री की पहल पर बातचीत की गई।

मंत्रालय ने कहा, ‘‘सिंह ने संघर्ष के जल्दी समाधान के लिए संवाद और कूटनीति के मार्ग को अपनाने की जरूरत पर भारत का रुख दोहराया।’’ उसने कहा, ‘‘उन्होंने संकेत दिया कि किसी भी पक्ष को परमाणु विकल्प को नहीं अपनाना चाहिए क्योंकि परमाणु या रेडियोलॉजिकल हथियारों के इस्तेमाल की संभावना मानवता के मूलभूत सिद्धांत के खिलाफ है।’’ मंत्रालय ने कहा कि दोनों मंत्रियों ने द्विपक्षीय रक्षा सहयोग और यूक्रेन के बिगड़ते हालात पर भी चर्चा की।

रूस ने करीब दो सप्ताह पहले क्रीमिया में एक बड़े विस्फोट के जवाब में यूक्रेन के अनेक शहरों को निशाना बनाकर मिसाइल हमले शुरू कर दिये हैं जिसके बाद दोनों के बीच टकराव बढ़ गया है। विस्फोट के लिए रूस ने यूक्रेन को जिम्मेदार ठहराया। यूक्रेन में भारतीय दूतावास ने भारतीय नागरिकों से वहां नये सिरे से बिगड़ती स्थिति के मद्देनजर जल्द से जल्द देश छोड़ने को कहा है।

अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन ने रूस को यूक्रेन में परमाणु हथियारों का इस्तेमाल करने के खिलाफ चेतावनी देते हुए कहा कि यह ‘‘अत्यंत गंभीर गलती’ होगी। बाइडन प्रशासन ने पहले कहा था कि रूस ने नोटिस दिया है कि उसका अपनी परमाणु क्षमताओं का नियमित अभ्यास करने का इरादा है। बाइडन ने मंगलवार को संवाददाताओं से कहा, ‘‘मैं यह कहना चाहता हूं, यदि रूस सामरिक परमाणु हथियार का इस्तेमाल करता है, तो यह अत्यंत गंभीर गलती होगी।’’

Exit mobile version