Site icon Drashta News

नरेंद्र मोदी, अमित शाह, बीजेपी और आरएसएस देश के गद्दार – राहुल गाँधी

DrashtaNews

द्रष्टा डेस्क। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने रायबरेली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमितशाह को देश का गद्दार कहा है। उन्होंने अर्थव्यवस्था को बेचने, महंगाई बढ़ने और अंबानी के माध्यम से मोदी की फंडिंग का आरोप लगाया। बीजेपी प्रवक्ताओं ने पलटवार करते हुए राहुल गाँधी को अर्बन नक्सल बताया है।

अपने संसदीय क्षेत्र रायबरेली में पहुंचे राहुल गांधी ने कहा कि नरेंद्र मोदी ने हिंदुस्तान के आर्थिक सिस्टम को बेच दिया है। अब आर्थिक तूफान आ रहा है और नरेंद्र मोदी और हिंदुस्तान की सरकार आपको नहीं बचा पाएगी। वे आपसे कहेंगे, रोएंगे और कहेंगे कि मेरी गलती नहीं है।  मैं आपको बता रहा हूं, गलती सिर्फ नरेंद्र मोदी, अमित शाह और RSS की है क्योंकि इन्होंने संविधान खत्म किया है।

उन्होंने कहा, ‘चुनाव से पहले कहा गया कि पेट्रोल, गैस की कोई कमी नहीं है। पेट्रोल के दाम नहीं बढ़ेंगे। आज जब पेट्रोल के दाम बढ़ रहे हैं तो अंबानी पेट्रोल हिंदुस्तान से बाहर भेज रहे हैं। अंबानी रूस से पेट्रोल खरीदकर बाहर बेचते हैं और उस पैसे से वे नरेंद्र मोदी की फंडिंग करते हैं। यह सच्चाई है।’

राहुल गांधी ने पीएम मोदी की अपील पर भी हमला बोला। कहा, “नरेंद्र मोदी कहते हैं कि विदेश मत जाएं, सोना न खरीदें, इलेक्ट्रिक गाड़ी खरीदें। आने वाले समय में किसान के पास खाद नहीं होगा। देखिए कुछ महीनों में महंगाई कहां जाती है, पेट्रोल, डीज़ल, तेल, गैस, दाल, चावल के दाम कहां जाते हैं। खुलकर प्रधानमंत्री कहते हैं कि सोना मत खरीदें, विदेश न जाएं और खुद हज़ारों करोड़ रुपये के जहाज़ में विदेश जाते हैं।”

राहुल गाँधी ने कहा कि ये आरएसएस कार्यकर्ता आपके सामने आएंगे तो वो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह की बात करेंगे, तब आपको उनके मुंह पर कहना होगा कि आपके प्रधानमंत्री, गृह मंत्री और संगठन (भाजपा) गद्दार हैं, आपने हमारे देश को बेचने का काम किया है. आपने संविधान पर हमला करने का काम किया है। आपने अंबेडकर पर हमला किया। आपने गांधी जी पर आक्रमण किया है, ये बातें आप उनसे खुलकर कह दीजिए।

मैं कभी माफी नहीं मांगूगा 

राहुल गाँधी ने कहा कि RSS के लोगों सुन लो। आप ने कहा, मुझे माफ़ी मांगनी चाहिए। मैं कभी माफी नहीं मांगूगा और फिर बोलूंगा। अमित शाह और नरेंद्र मोदी गद्दार हैं, क्योंकि उन्होंने संविधान पर हमला किया है। सुन लो अच्छी तरह… मैं तुम लोगों से नहीं डरता हूँ। और हिन्दुस्तान की जनता इस बात को समझ गयी है और हिन्दुस्तान की जनता भी आप से नहीं डरती है।

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा कि युवा डिप्रेशन में हैं, NEET का पेपर रद्द हो गया, पेट्रोल के दाम बढ़ते जा रहे हैं, गैस नहीं है, महंगाई बढ़ती जा रही है और हिंदुस्तान के प्रधानमंत्री मेलोनी (इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी) के साथ मेलोडी टॉफी खा रहे हैं, यह देश की हालत है।

उन्होंने कहा कि देश जल्द आर्थिक संकट की ओर बढ़ सकता है और इसका सबसे अधिक असर आम जनता पर पड़ेगा। सभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और अमेरिका-ईरान टकराव के कारण वैश्विक व्यापार प्रभावित हुआ है। उन्होंने दावा किया कि होर्मुज स्ट्रेट प्रभावित होने से तेल और अन्य जरूरी वस्तुओं की आपूर्ति बाधित होगी, जिससे आने वाले समय में महंगाई बढ़ सकती है।  उन्होंने कहा कि पेट्रोल, गैस और रोजमर्रा की वस्तुएं महंगी होने वाली हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार आम लोगों की समस्याओं से दूर है।

बीजेपी ने कहा राहुल गाँधी अर्बन नक्सल

राहुल गांधी के बयान पर बीजेपी ने भी पलटवार किया है। बीजेपी प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने कहा है कि राहुल गांधी ने 140 करोड़ देशवासियों को गद्दार कहा है। राहुल का बयान पाकिस्तान जैसी है। राहुल गांधी का रिमोट कंट्रोल देश विरोधी तत्वों के हाथों में है। कांग्रेस नेता हर वक्त देशविरोधी बातें करते हैं। राहुल गांधी की भाषा माओवादी, मुस्लिम लीग और अर्बन नक्सल जैसी है।

बीजेपी प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी ने उन्हें आदतन अपराधी करार दिया। त्रिपाठी ने कहा कि राहुल गांधी आदतन अपराधी हैं। वो कई बार कोर्ट से फटकार पा चुके हैं। राहुल गांधी का अपनी भाषा पर नियंत्रण नहीं है और वो मानसिक संतुलन खो बैठे हैं। उन्होंने जो बयान दिया है इसका खामियाजा पूरी कांग्रेस पार्टी को भुगतना पड़ेगा।

अब इस पर बीजेपी की तरफ से जो प्रतिक्रिया सामने आई है। बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा है कि राहुल गांधी का पीएम पर बयान बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है। आपने प्रधानमंत्री का भी अपमान किया. देश की जनता का भी अपमान किया है। प्रधानमंत्री ने देश के किसानों को जमीन भी दी और जमीर को भी मजबूत किया है। मैं मानता हूँ आप देश की राजनीति के राहू हैं और आपने देख के वातावरण के गंदा और दूषित किया है।

भाजपा नेता शहजाद पूनावाला ने कहा कि जिस प्रकार की भाषा राहुल गांधी ने OBC समाज, गरीब समाज से आने वाले प्रधानमंत्री के लिए की है। उन्हें गद्दार कहा वह दिखाता है कि उनके संस्कार कैसे हैं. कांग्रेस की तरफ से प्रधानमंत्री के लिए ऐसी भाषा का इस्तेमाल करना कोई नई बात नहीं है। उन्होंने कई गालियां दी हैं. क्योंकि प्रधानमंत्री OBC, गरीब समाज से आते हैं। इसलिए उन्हें बार-बार गाली देने का काम ये लोग करते हैं. यह उनकी मानसिकता को दर्शाता है। जहां तक गद्दारी की बात है तो राहुल गांधी अपने परिवार का इतिहास देख लें, हर क्षण गद्दारी करने का काम किसने किया है?

पटना में भाजपा सांसद भरत सिंह कुशवाह ने राहुल गांधी के बयान को लेकर कहा कि हमारे देश के हालात ठीक हैं। पड़ोस में जिस तरह युद्ध चल रहा है। हम मानते हैं कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश सुरक्षित है। सही दिशा में आगे बढ़ रहा है। राहुल गांधी को न जनता गंभीरता से लेती है और न ही उनके दल के लोग गंभीरता से लेते हैं।

लोजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने भी राहुल गांधी के बयान पर कहा है कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी की तरफ से देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए इस प्रकार की अभद्र टिप्पणी करना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण एवं लोकतांत्रिक मर्यादाओं के विरुद्ध है। हमारे प्रधानमंत्री देश की 140 करोड़ आबादी का प्रतिनिधित्व कर रहें है , ऐसे में जब ऐसी भाषाएं नेतृत्वकर्ता के लिए कही जाती है तो उसका प्रभाव देश की आबादी पर भी पड़ता जो कतई उचित नहीं है। राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हो सकते हैं, लेकिन सार्वजनिक जीवन में भाषा की गरिमा और संवैधानिक पदों के प्रति सम्मान बनाए रखना प्रत्येक जनप्रतिनिधि की जिम्मेदारी है। मैं और मेरी पार्टी लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) इस बयान की कड़ी निंदा करती है।

बीजेपी सांसद और केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि, राहुल गांधी निराश हैं। सत्ता ना मिलने के कारण निराशा है। वे मोदी जी को गाली नहीं दे रहे हैं देश को गाली दे रहे हैं। वो निराशा में निकल रहा है। पूरी दुनिया केवल नरेंद्र मोदी ही ऐसे प्रधानमंत्री हैं जिन्होंने केवल 3.2% की वृद्धि की है, नहीं तो 110% तक की वृद्धि हुई है। वे 5 दिन के दौरे पर विदेश गए हैं तो भारत को मजबूत करने के लिए।

केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा है कि राहुल गांधी को भारत और भारत में बनी हर वस्तु से इतनी नफरत क्यों है? भारत आज मेड इन इंडिया और लोकल ग्लोबल होने के साथ ही दुनिया का विश्वसनीय गंतव्य बना है, लेकिन कांग्रेस को हर भारतीय उपलब्धि में समस्या ही दिखाई देती है. जिस वैश्विक सम्मान, निवेश और भरोसे के लिए देश दशकों तक इंतज़ार करता रहा, वही प्रधानमंत्री के नेतृत्व में आज भारत अर्जित कर रहा है तो वह राहुल गांधी से सहन नहीं हो रहा है।

 

Exit mobile version