Site icon Drashta News

न्याय यात्रा के समापन पर ‘ इंडिया’ गठबंधन के नेताओं का देश को सन्देश

DrashtaNews

मुंबई। मणिपुर से 6,700 किलोमीटर की पैदल यात्रा शुरू करने के दो महीने बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा आज उनके प्रमुख सहयोगियों की उपस्थिति में मुंबई में समाप्त हुई। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने रविवार सुबह दक्षिण मुंबई में महात्मा गांधी के आवास मणि भवन से ‘न्याय संकल्प पदयात्रा’ निकाली।

राहुल की बहन प्रियंका गांधी वाद्रा और महात्मा गांधी के प्रपौत्र तुषार गांधी भी कांग्रेस समर्थकों के साथ पैदल मार्च में शामिल हुए। यह मार्च अगस्त क्रांति मैदान तक निकाला जाएगा, जहां 1942 में अंग्रेजों के शासन से भारत की आजादी के संघर्ष के दौरान ‘भारत छोड़ो आंदोलन’ शुरू हुआ था।

विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन के कुछ सदस्य पदयात्रा में शामिल हुए। शनिवार को कांग्रेस सांसद ने मध्य मुंबई में डॉ. भीमराव आंबेडकर के स्मारक ‘चैत्यभूमि’ पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करके और संविधान की प्रस्तावना पढ़कर अपनी 63 दिवसीय ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ का समापन किया। यह यात्रा 14 जनवरी को संघर्षग्रस्त मणिपुर से शुरू हुई थी।

हमारी लड़ाई तो उन लोगों से है, जिन्होंने आजादी की लड़ाई में भाग नहीं लिया- तेजस्वी यादव

बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने कहा कि मोदी-शाह से हमारी व्यक्तिगत लड़ाई नहीं है। हमारी लड़ाई तो उन लोगों से है, जिन्होंने आजादी की लड़ाई में भाग नहीं लिया। हमारी लड़ाई उन लोगों से हैं, जिन्होंने अपने दफ्तरों में तिरंगा न फहराया हो। आज वो कहते हैं कि उनसे बड़ा देशभक्त कोई नहीं है।

राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ के समापन पर राजद नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि उन्होंने देशवासियों को एक संदेश देने की कोशिश की, जोकि आज के दिनों में काफी जरूरी है। उन्होंने संविधान को बचाने, भाईचारा और नफरत को हराने के लिए ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ शुरू की और इसके लिए मैं राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी को दिल से धन्यवाद देता हूं।

मोदी की गारंटी चलने वाली नहीं है : शरद पवार

शरद पवार ने कहा कि हम लोगों ने देखा कि जिनके हाथ में हुकूमत है, उन्होंने महिलाओं, युवाओं और किसानों को आश्वासन दिए, लेकिन पूरे नहीं किए। हम आजकल हर दिन सुनते हैं कि मोदी की गारंटी… मोदी की गारंटी चलने वाली नहीं है, क्योंकि उन्होंने कोई वादा पूरा नहीं किया। इसी शहर से महात्मा गांधी ने अंग्रेजों भारत छोड़ो का नारा दिया था और हम इसी धरती से BJP गद्दी छोड़ो का नारा देते हैं।

अबकी बार भाजपा, तड़ीपार : उद्धव ठाकरे
उद्धव ठाकरे ने कहा कि दिल्ली में जो तानाशाही सरकार है, उसको भगाने के लिए आपने शिवाजी पार्क चुना इसके लिए धन्यवाद। बीजेपी एक गुब्बारा है, दुर्भाग्यपूर्ण है कि मैंने भी इसमें हवा भरने में मदद की, लेकिन हवा दिमाग पर चढ़ गई, यह लड़ाई संविधान बचाने की है। कोर्ट में अब संविधान की किताब रखी जाए। इनको संविधान बदलना है, इसलिए 400 चाहिए। रूस के चुनाव में पुतिन के विपक्ष में कोई नहीं है। सबसे पहले हमारा देश है। पहले बोलते थे मजबूत सरकार चाहिए। कहते हैं कि हम 2047 की बात करते हैं, तानाशाही यहां नहीं चलती है। मैं एक नारा देता हूं- अबकी बार भाजपा, तड़ीपार।

प्रकाश आंबेडकर ने मोदी के परिवार को उठाया मुद्दा

प्रकाश आंबेडकर ने कहा कि जहां तक मैं समझता हूं कि हम लोगों को लड़ना चाहिए, चाहे साथ में लड़ें या अलग लड़ें। पश्चिम बंगाल में अलग राह हो चुकी है। इलेक्टोरल बॉन्ड सामने आ चुका है। फ्यूचर गेमिंग का प्रॉफिट 215 करोड़ है तो चंदा 1300 करोड़ कैसे दिया गया। हमलोगों को यह मुद्दे उठाना चाहिए। मोदी कहते हैं कि यह देश हमारा परिवार है, लेकिन उनका सगा परिवार उनके साथ नहीं रहता है। अगर ईवीएम और पेपर ट्रेल में अंतर आए तो पेपर ट्रेल को मानना चाहिए।

जनता की सेवा के लिए राजनीति में आए हैं : एमके स्टालिन

तमिलनाडु के सीएम एमके स्टालिन ने कहा कि हमने जनता की सेवा करने के लिए राजनीति में प्रवेश किया है। राहुल गांधी ने भारत के दिल को समझने के लिए पूरे भारत का दौरा किया है। यह भारत को पुनर्स्थापित करने की यात्रा है, जिसे बीजेपी ने नष्ट कर दिया है।

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन ने रविवार को चुनावी बॉन्ड को सत्तारूढ़ भाजपा का ‘‘सफेदपोश भ्रष्टाचार” बताया और कहा कि विपक्षी दलों का गठबंधन ‘इंडिया’ केंद्र में एक धर्मनिरपेक्ष, संघीय और समावेशी सरकार बनाएगा। मुंबई के शिवाजी पार्क में हुई ‘इंडिया’ गठबंधन की रैली में स्टालिन पहले वक्ता थे। उन्होंने दावा किया, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पिछले दस वर्षों में केवल दो काम किए हैं – विदेश यात्राएं और दुष्प्रचार। हमें इसे रोकना होगा।”

स्टालिन ने कहा, ‘‘हमें भाजपा को हराना है. कन्याकुमारी से शुरू हुई यात्रा दिल्ली में सत्ता हासिल करके समाप्त होनी चाहिए।” उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव के बाद ‘इंडिया’ गठबंधन केंद्र में एक धर्मनिरपेक्ष, संघीय और समावेशी सरकार बनाएगा।

जीतने के लिए हमें लड़ना होगा- AAP नेता सौरभ भारद्वाज

आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता और दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सौरभ भारद्वाज ने कहा, ‘‘हम सभी यहां एक साथ हैं क्योंकि हमें जेल जाने का डर नहीं है। जीतने के लिए हमें लड़ना होगा।” भारद्वाज ने कहा कि चुनावी बॉन्ड ने भाजपा को बेनकाब कर दिया है और लोगों को इसके बारे में जागरूक किया जाना चाहिए।

संविधान को बदलने के लिए मांग रहे 400 पार : महबूबा मुफ्ती

महबूबा मुफ्ती ने कहा कि मैं आज राहुल गांधी को यात्रा के लिए बधाई देती हूं। यहां गांधी ने बड़ी कुर्बानी दी, इस नाम से बीजेपी के लोग बहुत डरते हैं। इंदिरा गांधी और राजीव गांधी ने देश के लिए अपनी जान दी। इंदिरा गांधी ने तो पाकिस्तान के दो टुकड़े किए। मोदी ने 2019 में पुलवामा के शहीदों के नाम पर वोट मांगा था। ये 400 पार संविधान बदलने के लिए मांग रहे हैं। जम्मू कश्मीर में संविधान को खत्म कर चुके हैं, वहां कोई आवाज उठाता है, उनको जेल में डाला जाता है। अगर आप नहीं संभले तो आपका भी हाल वही करना चाहते हैं।

इंडिया झुकेगा, रुकेगा नहीं : कल्पना सोरेन

हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन ने कहा कि सामने जो शक्ति खड़ी है, वो आपके अधिकारों को कुचलने के लिए खड़ी है। महाराष्ट्र में उस शक्ति ने सरकार तोड़ा, लेकिन झारखंड में तोड़ नहीं पाई। हमारे पति को जेल में डालने की साजिश रची गई। झारखंड झुकेगा नहीं। मैं शिवाजी पार्क से कहूंगी कि इंडिया झुकेगा रुकेगा नहीं। मैं राहुल गांधी को इसलिए धन्यवाद देती हूं कि मणिपुर जल रहा था और राहुल गांधी ने उस धरती को चुना, जहां सरकार मौन थी। राहुल गांधी लोगों के दुख में खड़े हुए। झारखंड में कमल कभी नहीं खिलेगा।

भाजपा सरकार की नाकामी के कारण मणिपुर जल रहा है – अखिलेश यादव

समाजवादी पार्टी के मुखिया और यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने मुंबई में इंडिया गठबंधन की मेगा रैली में शामिल नहीं होने को लेकर एक बयान जारी किया है। उन्होंने एक पत्र जारी कर कहा कि चुनाव आयोग ने 20 मार्च से यूपी में नामांकन की तारीखों की घोषणा की है, जिसके चलते मैं भारत जोड़ो न्याय यात्रा के समापन कार्यक्रम में शामिल नहीं हो पाऊंगा।

सपा प्रमुख ने पत्र में कहा ”आज (रविवार) मुंबई में आपकी (राहुल की) भारत जोड़ो न्‍याय यात्रा का समापन हो रहा है। बहुत कम लोग हैं, जो ऐसी यात्रा कर सकते हैं। आपके इस दृढ़ संकल्प के लिए बहुत-बहुत शुभकामनाएं।” यादव ने कहा ”आपने (राहुल ने) इस यात्रा की मणिपुर से शुरुआत की, जो भाजपा सरकार की नाकामी के कारण जल रहा है। पूर्वोत्‍तर से आपने मजबूत संदेश दिया।” उन्होंने पत्र में लिखा ”पूरी यात्रा के दौरान आपकी किसान, नौजवान, महिला, बुजुर्ग समेत समाज के हर वर्ग से मुलाकात हुई और आप उनकी समस्याओं से नजदीक से रूबरू हुए।”

यात्रा में शामिल न हो पाने का जिक्र करते हुए यादव ने कहा ”निर्वाचन आयोग (ईसी) द्वारा कल (शनिवार) चुनाव की घोषणा कर दी गयी, 20 मार्च से यूपी में नामांकन प्रारंभ है, जिसकी तैयारियों के चलते ही यात्रा के समापन कार्यक्रम में शामिल नहीं हो पा रहा हूं।” सपा प्रमुख ने उम्मीद जताते हुए कहा, ”आशा ही नहीं बल्कि पूर्ण विश्वास है कि किसान, नौजवान, पिछड़ा, दलित और महिला विरोधी भाजपा को जनता इस चुनाव में उखाड़ फेंकेगी। इस यात्रा की असली सफलता इसी मायने में होगी कि भाजपा को इस चुनाव में पराजय मिले।”

Exit mobile version