Site icon Drashta News

‘INDIA’ महिला आरक्षण कानून को लागू करने के लिए संघर्ष करेगा- सोनिया गांधी

DrashtaNews

चेन्नई (एजेंसी)। कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने शनिवार को कहा कि विपक्षी गठबंधन (INDIA ) महिला आरक्षण कानून को लागू करने के लिए संघर्ष करेगा। वह सत्तारूढ़ द्रमुक के महिला अधिकार सम्मेलन को संबोधित कर रहीं थीं। उन्होंने कहा कि दिवंगत राजीव गांधी पंचायती राज में महिलाओं के लिए ऐतिहासिक 33 प्रतिशत आरक्षण लेकर आए। इससे जमीनी स्तर पर महिलाएं मजबूत हुईं। यह विधायी निकायों में एक तिहाई सीट पर आरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम था। उन्होंने कहा कि कांग्रेस संसद के भीतर और बाहर महिला आरक्षण का पथ प्रदर्शक रही है।

सोनिया ने कहा कि अब महिला आरक्षण विधेयक सिर्फ कांग्रेस ही नहीं, बल्कि हम सभी की प्रयासों से पारित हो गया है। लेकिन इस दिशा में अभी भी एक लंबा रास्ता तय करना बाकी है। उन्होंने विधेयक के वास्तविक कार्यान्वयन पर विपक्षी सांसदों द्वारा संसद में किए गए हस्तक्षेप को रेखांकित किया कि क्या इस पर अमल एक साल, दो साल या तीन साल में होगा। उन्होंने कहा कि हमें कोई अंदाजा नहीं है।

सोनिया ने आगे कहा, हालांकि कुछ पुरुष खुश हैं, हम खुश नहीं हैं, हम महिलाएं खुश नहीं हैं। उन्होंने कहा कि हम सभी महिला आरक्षण अधिनियम के कार्यान्वयन के लिए संघर्ष करने जा रहे हैं। वहीं, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी महिला आरक्षण कानून को तत्काल लागू करने की मांग की। उन्होंने कहा कि महिलाओं के पास अब बर्बाद करने के लिए समय नहीं है। सम्मेलन को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि आज सशक्तीकरण की बहुत चर्चा हो रही है क्योंकि हर राजनीतिक दल को यह एहसास होने लगा है कि महिलाएं एक मजबूत सामूहिक शक्ति बन सकती हैं।

Exit mobile version