नई दिल्ली (एजेंसी) भारत और पाकिस्तान तनाव के बीच दिल्ली में भी हाई अलर्ट है। सुरक्षा बलों ने आनन-फानन में इंडिया गेट को खाली करा दिया। इंडिया गेट पर बड़ी संख्या में लोग थे, जिन्हें पुलिस ने तुरंत अपने-अपने घर लौटने को कहा। सुरक्षा की दृष्टि से यह कदम उठाया गया। हालांकि, बताया जा रहा है कि यह मॉक ड्रिल का हिस्सा है, लेकिन इसे लेकर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
ANI ने कई सूत्रों के हवाले से बताया है कि भारतीय वायु सेना ने पठानकोट सेक्टर में एक पाकिस्तानी वायुसेना के जेट को मार गिराया है। हालांकि, अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। इस बीच देश की राष्ट्रीय राजधानी में इंडिया गेट समेत कई ऐतिहासिक स्थानों पर खाली कराने की खबर सामने आई है।
रक्षा मंत्रालय ने एक्स पर पोस्ट कर बताया कि जम्मू-कश्मीर में आज अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर पाकिस्तानी ड्रोन और मिसाइलों द्वारा जम्मू, पठानकोट और उधमपुर में सैन्य स्टेशनों को निशाना बनाया गया। स्थापित मानक संचालन प्रक्रियाओं (एसओपी) के अनुरूप गतिज और गैर-गतिज क्षमताओं का उपयोग करके खतरों को तेजी से बेअसर कर दिया गया। किसी के हताहत होने या नुकसान की सूचना नहीं मिली। भारत अपनी संप्रभुता की रक्षा करने और अपने लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह तैयार है।
दिल्ली में हाई अलर्ट,सुरक्षा बलों ने इंडिया गेट को खाली कराया
