Site icon Drashta News

गुजरात विधानसभा चुनाव 2022 : BJP ने 160 उम्मीदवारों की पहली सूचि जारी की, हार्दिक पटेल वीरमग्राम से उम्मीदवार

DrashtaNews

नई दिल्ली। गुजरात विधानसभा चुनाव  2022  के लिए भारतीय जनता पार्टी ने अपने 160 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर दी है। भाजपा ने घाटलोडिया विधानसभा सीट से मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल को उम्मीदवार बनाया है। वहीं, मोरबी सीट से कांतिलाल अमृतिया को टिकट दिया है। BJP ने भारतीय क्रिकेटरऑलराउंडर रवींद्र जडेजा की पत्नी रिवाबा जडेजा को जामनगर उत्तर विधानसभा सीट से प्रत्याशी बनाया है, और इस सीट के मौजूदा विधायक धर्मेन्द्र सिंह एम. जडेजा का टिकट काट दिया गया है। 

इसके अलावा कांग्रेस छोड़कर BJP में शामिल हुए पाटीदार नेता हार्दिक पटेल को भी वीरमग्राम से पार्टी उम्मीदवार बना दिया गया है। गुरुवार को जारी की गई प्रत्याशियों की पहली सूची में 182 में से 160 विधानसभा सीटों के प्रत्याशी घोषित कर दिए गए हैं। इस सूची में कुल 7 नाम ऐसे हैं, जो पिछले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़े थे। भाजपा की पहली सूची में 14 महिलाओं को टिकट मिला है। 69 सिटिंग विधायकों को टिकट दिया गया है। 99 में से 69 को टिकट मिला है, यानी 30 लोगों का टिकट कट गया है। राजकोट पश्चिम से विजय रूपाणी चुनाव लड़ते थे, उनकी जगह डॉक्टर दर्शिता शाह को टिकट मिला है।

हाल ही में पुल हादसे की वजह से सुर्खियों में रही मोरबी विधानसभा सीट से BJP ने मौजूदा विधायक का टिकट काटकर पूर्व विधायक कांतिलाल अमृतिया को उम्मीदवार बनाया है, जो कथित रूप से हादसे के वक्त लोगों की जान बचाने के लिए नदी में कूद गए थे। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल को घाटलोडिया विधानसभा सीट से पार्टी ने प्रत्याशी बनाया है। 

पिछले 27 साल से गुजरात में सत्तासीन BJP ने अपने कई वरिष्ठ नेताओं को चुनाव मैदान में नहीं उतारा है, जिनमें पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी भी शामिल हैं। कहा गया है कि रूपाणी सहित इनमें से कुछ वरिष्ठ नेताओं ने खुद ही चुनाव लड़ने से इंकार कर दिया है। पहली बार चुनाव लड़ रहे उम्मीदवारों में रिवाबा जडेजा शामिल हैं, जो वर्ष 2019 में BJP में शामिल हुई थीं। रिवाबा मैकेनिकल इंजीनियर हैं, और कांग्रेस के दिग्गज नेता हरि सिंह सोलंकी की रिश्तेदार हैं। क्रिकेटर रवींद्र जडेजा से उनका विवाह वर्ष 2016 में हुआ था। 

कांग्रेस से BJP में शामिल हुए सात प्रत्याशी हैं, जो वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के टिकट पर ही लड़े थे। इनमें प्रद्युम्न जडेजा तथा अश्विन कोतवाल शामिल हैं। गुजरात कांग्रेस के पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष हार्दिक पटेल 2017 में चुनाव नहीं लड़ पाए थे, क्योंकि उस वक्त उनकी आयु 25 वर्ष से कम थी। 

बता दें कि 182 विधानसभा सीटों वाले गुजरात में दो चरणों 1 और 5 दिसंबर को 93 सीटों पर मतदान होना है। नतीजे 8 दिसंबर को हिमाचल प्रदेश के साथ आएंगे। बुधवार को भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक हुई थी। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा शामिल हुए थे। इस बैठक में गुजरात की सभी 182 सीटों पर उम्मीदवारों के नामों पर चर्चा हुई थी।

 BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा की अध्यक्षता में बुधवार को हुई पार्टी चुनाव समिति की बैठक के बाद गुरुवार सुबह उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की गई है। बुधवार की बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह तथा रक्षामंत्री राजनाथ सिंह भी शामिल थे। 

PM नरेंद्र मोदी तथा केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के गृहराज्य गुजरात में BJP पिछले 27 साल से लगातार सत्ता में है, और इस बार सूबे में त्रिकोणीय मुकाबले के आसार नज़र आ रहे हैं, क्योंकि BJP और प्रमुख विपक्षी दल कांग्रेस के अलावा इस बार आम आदमी पार्टी (AAP) भी ज़ोर-शोर से प्रचार में जुटी हुई है। 

समझा जाता है कि भाजपा बैठक के दौरान सभी 182 उम्मीदवारों के नाम तय कर सकती है और अगले कुछ दिनों में सूची जारी कर सकती है। सूत्रों ने बताया कि चुनाव में सीटों पर जीत के लिहाज से नया रिकार्ड बनाने के मकसद से पार्टी संगठन पूरी ताकत लगा रहा है। सूत्रों ने यह भी बताया कि पार्टी को सुझाव मिले हैं कि उसे नए और युवा चेहरों को चुनना चाहिए। राज्य के पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 99 और उसकी मुख्य प्रतिद्वद्वी कांग्रेस ने 77 सीटें जीती थीं।

Exit mobile version