Site icon Drashta News

जल जीवन मिशन घोटाला मामले में पूर्व मंत्री महेश जोशी को ED ने  किया गिरफ्तार

DrashtaNews

-कांग्रेस सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे महेश जोशी के खिलाफ 9 हजार करोड़ के घोटाले मामले में मुकदमा दर्ज हुआ था। लंबी पूछताछ के बाद ED ने पूर्व मंत्री को  गिरफ्तार किया है।

नई दिल्ली (एजेंसी) राजस्थान में गुरुवार को प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने 9 हजार करोड़ के घोटाले में  पूर्व  डॉ. महेश जोशी को गिरफ्तार कर लिया है।  इस मामले में महेश जोशी को 3 बार नोटिस भी भेजा गया था।ED ने लंबी पूछताछ के बाद पूर्व मंत्री को  गिरफ्तार किया है।

राजस्थान की गहलोत सरकार में जल जीवन मिशन स्कैम सामने आया था, जिसमें 9 हजार करोड़ रुपये घोटाले का आरोप लगा है। इस मामले में कांग्रेस सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे महेश जोशी के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ था। पहले ACB ने इस स्कैम की जांच पड़ताल की और फिर ED ने इस मामले में एंट्री मारी। इसे लेकर प्रवर्तन निदेशालय ने रेड मारी और पूछताछ के लिए तीन बार नोटिस भेजा।

पूर्व मंत्री महेश जोशी व्यक्तिगत कारण बताकर बार-बार नोटिस से बचते रहे, लेकिन वह गुरुवार को ED के दफ्तर पहुंचे। जांच एजेंसी ने दिनभर महेश जोशी से लंबी पूछताछ की। अंत में ED ने बड़ी कार्रवाई करते हुए महेश जोशी को गिरफ्तार कर लिया। इसी मामले में जांच एजेंसी ने साल 2024 में ठेकेदार पदमचंद जैन समेत कुछ बिचौलियों को अरेस्ट किया था।

क्या है आरोप ?

जल जीवन मिशन का पूरा प्रोजेक्ट करीब 3 लाख 40 हजार करोड रुपये से भी ज्यादा का था, जिसमें केंद्र सरकार ने 2 लाख 80 हजार करोड़ रुपये दिए थे। इसके तहत राजस्थान के कई जिलों में हर घर में जल पहुंचने के लिए पाइपलाइन बिछाई जानी थी। आरोप है कि महेश जोशी ने न सिर्फ अपने चहेतों को टेंडर दिलाया, बल्कि दो ऐसी फार्मों को भी बड़ा टेंडर दिला दिया, जो पूरी तरफ फर्जी थी और फर्जी दस्तावेजों के आधार पर उन्होंने यह टेंडर ले लिए थे। राजस्थान के विधानसभा चुनाव में भी यह एक बड़ा मुद्दा बना था, जिसका खामियाजा कांग्रेस को उठाना पड़ा था। कांग्रेस ने हवा महल से अपनी सीटिंग विधायक महेश जोशी का टिकट काट दिया था।

अशोक गहलोत ने ED को भाजपा का एक्सटॉर्शन डिपार्टमेंट बताया

पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि भाजपा का एक्सटॉर्शन डिपार्टमेंट बन चुके ED द्वारा पूर्व मंत्री महेश जोशी की गिरफ्तारी राजनीतिक प्रतिशोध का उदाहरण है। यह गिरफ्तारी ऐसे समय पर की गई है जब उनकी पत्नी करीब 15 दिन से जयपुर के एक अस्पताल में बेहोशी की हालत में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रही हैं। उनकी इच्छा थी कि इस मुश्किल परिस्थिति से निकलने के बाद ED को बयान दें। यह उन्हें भावनात्मक रूप से तोड़ने का प्रयास है जिससे उनसे मनमुताबिक बयान लिए जा सकें।

Exit mobile version