नई दिल्ली। द्रौपदी मुर्मू ने सोमवार को भारत के 15वें राष्ट्रपति पद की शपथ ली। उन्होंने संसद भवन के सेंट्रल हॉल में शपथ ली है, जिसके बाद से ही ओडिशा स्थित उनके गांव में जश्न का माहौल है। चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया एनवी रमना ने निर्वाचित राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति पद की शपथ दिलाई। मुर्मू देश की दूसरी महिला राष्ट्रपति हैं। साथ ही वह सर्वोच्च संवैधानिक पद संभालने वाली पहली आदिवासी महिला और स्वतंत्र भारत में पैदा होने वाली पहली राष्ट्रपति हैं।
बता दें कि द्रौपदी मुर्मू देश की पहली आदिवासी महिला राष्ट्रपति हैं। उनके राष्ट्रपति बनने पर आदिवासी समाज में एक अलग ही खुशी का माहौल देखने को मिल रहा है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर समाचार एजेंसी ANI ने यह वीडियो अपने ट्विटर हैंडल से शेयर किया है, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में द्रौपदी मुर्मू के पैतृक गांव रायरंगपुर में हो रहे जश्न का माहौल देखा जा सकता है। इस खुशी के अवसर पर आदिवासी समुदाय के लोगों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया है। इस दौरान लोग खुशी जाहिर करते हुए एक-दूसरे को मिठाई खिलाते और बांटते नजर आ रहे हैं।
ज्ञात हो कि राष्ट्रपति चुनाव में 64 वर्षीय द्रौपदी मुर्मू ने विपक्ष के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा को हराकर शीर्ष संवैधानिक पद संभालने वाली देश की पहली आदिवासी और दूसरी महिला बनने के बाद इतिहास रच दिया है. आज द्रौपदी मुर्मू को देश की 15वीं राष्ट्रपति के तौर पर चीफ जस्टिस एनवी रमना ने शपथ दिलाई।