Drashta News

BJP ने 11 बड़े वादों के साथ चुनावी घोषणापत्र जारी किया, महिलाओं के लिए 33 फीसदी आरक्षण का संकल्प

DrashtaNews

शिमला।विधानसभा उप चुनाव परिणामों के बीच  भारतीय जनता पार्टी ने चुनावी घोषणापत्र जारी कर दिया है।  BJP के अध्यक्ष जेपी नड्डा ने हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनावों के लिए रविवार को घोषणापत्र में आधी आबादी महिलाओं पर खास फोकस करते हुए उन्हें नकदी से लेकर आरक्षण तक 11 बड़े वादों से लुभाने की कोशिश की है। राज्य में महिलाओं के लिए अलग घोषणापत्र जारी किया गया। पार्टी ने घोषणापत्र तैयार करने के लिए आम जनता से सुझाव लेने को एक कमेटी गठित की थी।

संकल्प पत्र में वादा किया गया है कि विधानसभा चुनाव में जीत मिलने पर हिमाचल प्रदेश में यूनिफॉर्म सिविल कोड को लागू किया जाएगा। इसके लिए एक कमेटी बनाई जाएगी, जिसकी सिफारिशों के आधार पर यूनिफॉर्म सिविल कोड लागू किया जाएगा।

भाजपा ने वादा किया है कि दोबारा सरकार बनने पर किसान सम्मान निधि में सालाना 3000 रुपये बढ़ाएंगे। 8 लाख से ज्यादा रोजगार के अवसर बढ़ाएंगे। हम सभी गांवों को पक्की सड़कों से जोड़ेंगे। शक्ति नाम से योजना लागू करेंगे, जिसमें धार्मिक जगहों के आसपास इंफ्रास्ट्रक्चर मजबूत करने के लिए 12000 करोड़ खर्च किया जाएगा। सेब की पैकिंग पर लगने वाली जीएसटी 12% की जाएगी।

भाजपा अध्यक्ष जेपी नड़्डा की मौजूदगी में जारी भाजपा के घोषणा पत्र में कहा गया है कि सरकार बनने पर भाजपा हिमाचल प्रदेश में 5 नए मेडिकल कॉलेज खोलेगी। शहीदों को मिलने वाले आर्थिक मदद को बढ़ाएंगे। हमारी सरकार वक्फ बोर्ड की जमीन का सर्वे कराएंगे और जो गैर-कानूनी हैं, उन पर कार्रवाई की जाएगी। सरकारी कर्मचारियों के वेतन में समानता लाएंगे।

BJP अध्यक्ष ने सरकारी नौकरियों में हिमाचल की महिलाओं के लिए 33 फीसदी आरक्षण देने का वादा किया है। साथ ही नड्डा ने कहा कि छठी से 12वीं कक्षा की छात्राओं को साइकिल मिलेगी और उच्च शिक्षा प्राप्त कर रही लड़कियों को स्कूटी दी जाएगी। भाजपा का उद्देश्य है कि हिमाचल प्रदेश में हर बार सरकार बदलने की प्रवृत्ति रोकी जाए। हिमाचल प्रदेश की 68 सदस्यीय विधानसभा के लिए मतदान 12 नवंबर को होगा।

महिलाओं के लिए 11 बड़े वादे

1. BPL परिवार की बेटियों की शादी पर 51000 रुपये देंगे।

2. स्कूली छात्राओं को देंगे साइकिल, उच्च शिक्षा प्राप्त कर रही छात्राओं को देंगे स्कूटी।

3. महिलाओं को होमस्टे बनाने के लिए ब्याज मुक्त ऋण देंगे, स्वयं सहायता समूह की ऋण राशि बढ़ाएंगे, ब्याज दर 2% करेंगे।

4. माता और नवजात की देखभाल के लिए महिलाओं को 25000 रुपये की राशि देंगे।

5. देवी अन्नपूर्णा योजना से गरीब महिलाओं को 3 रसोई गैस सिलेंडर मुफ्त देंगे।

6. गरीब परिवारों की 30 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं को अटल पेंशन योजना में शामिल करेंगे।

7. हिमकेयर कार्ड से कवर न होने वाली बीमारियों के इलाज के लिए महिलाओं को स्त्री शक्ति कार्ड देंगे।

8. 12वीं कक्षा की शीर्ष 5000 रैंक वाली छात्राओं को 2500 रुपये प्रतिमाह की छात्रवृत्ति देंगे।

9. उचित मूल्य की दुकानों से मवेशियों के चारे की खरीद और वितरण की आसान प्रणाली स्थापित करेंगे।

10. 12 जिलों में से प्रत्येक में दो बालिका छात्रावास का निर्माण करेंगे।

11. सरकारी नौकरियों में महिलाओं को 33% आरक्षण देंगे।

Exit mobile version