Site icon Drashta News

7 विधानसभा सीटों में 3 पर बीजेपी, 4 सीटों पर विपक्षी दलों की जीत

DrashtaNews

– पुथुपल्ली में कांग्रेस की जीत, घोसी में सपा की बड़ी जीत

-त्रिपुरा में CPM ने वोट काउंटिंग के बहिष्कार का ऐलान किया है।

नई दिल्ली। देश के 6 राज्यों की 7 विधानसभा सीटों पर 5 सितंबर को हुए उपचुनाव की गिनती हुई। आज वोटों की गिनती के बाद सभी  सीटों के रिजल्ट घोषित कर दिए गए। बीजेपी ने त्रिपुरा की दोनों सीटों पर कब्जा जमा लिया है। वहीं उत्तराखंड की बागेश्वर सीट एक बार फिर से बीजेपी की झोली में आ गई है।

केरल की पुथुपल्ली सीट पर कांग्रेस ने एक बार फिर से कब्जा जमा लिया है। पश्चिम बंगाल की धूपगुड़ी सीट पर तृणमूल कांग्रेस के निर्मलचंद राय ने बीजेपी की तापसी राय को पराजित कर दिया है। झारखंड में I.N.D.I.A अलायंस की ओर से JMM ने जीत दर्ज की है। इन सात सीटों पर 5 सितंबर को उपचुनाव हुए थे। झारखंड के डुमरी विधानसभा क्षेत्र में झारखंड मुक्ति मोर्चा की बेबी देवी ने ऑल झारखंड स्टूडेंट्स यूनियन (आजसू) की यशोदा देवी को हरा दिया है।

उत्तर प्रदेश की घोसी विधानसभा सीट पर जारी मतगणना में समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार सुधाकर सिंह ने बीजेपी के दारा सिंह चौहान को हरा दिया है। घोसी विधानसभा उपचुनाव में सपा की ऐतिहासिक जीत हुई है। सपा प्रत्याशी सुधाकर सिंह 34वें चरण में 42763 वोटों से जीत दर्ज की।

उत्तराखंड की बागेश्वर सीट पर बीजेपी की जीत

उत्तराखंड -बागेश्वर विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी पार्वती दास जीतीं। पार्वती दास को 33247 वोट मिले, उन्होंने कांग्रेस के बसंत कुमार 2405 वोटों से हराया।  बीजेपी ने विधायक चंदन राम दास के निधन के बाद उनकी पत्नी पार्वती दास को इस सीट पर उम्मीदवार बनाया था। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बागेश्वर उपचुनाव में जीत के बाद पार्वती दास को शुभकामनाएं दीं। सीएम ने ट्विटर पर लिखा- राष्ट्रवाद, लोककल्याण एवं सुशासन को समर्पित यह ऐतिहासिक जीत बागेश्वर के चहुंमुखी विकास का नया अध्याय लिखेगी।

त्रिपुरा की सीटों पर बीजेपी का कब्जा

चुनाव आयोग के मुताबिक, बीजेपी ने त्रिपुरा के सिपाहीजला जिले की धनपुर और बोक्सानगर विधानसभा सीटें जीत ली हैं। करीब 66 फीसदी अल्पसंख्यक मतदाताओं वाली बोक्सानगर सीट पर बीजेपी ने कब्जा जमा लिया है। धनपुर में बिंदु देबनाथ को जीत मिली है।

धनपुर से बीजेपी प्रत्याशी बिंदु देबनाथ ने CPI (M) प्रत्याशी कौशिक चंदा को 18,871 वोटों से हरा दिया है। बॉक्सानगर सीट से BJP के तफज्जल हुसैन ने CPI (M) के मिजान हुसैन को 30,237 वोटों से हराया है। बॉक्सानगर में CPI (M) विधायक समसुल हक के निधन के कारण यहां उपचुनाव हुए थे। वहीं केंद्रीय राज्य मंत्री प्रतिमा भौमिक के विधायक पद से इस्तीफे के बाद से धनपुर सीट खाली हो गई थी।

केरल की पुथुपल्ली सीट पर UDF की जीत

केरल में पुथुपल्ली निर्वाचन क्षेत्र में हुए उपचुनाव में विपक्षी गठबंधन यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (यूडीएफ) के उम्मीदवार चांडी ओमन ने जीत हासिल कर ली है।  कांग्रेस के चांडी ऑमान ने 37 हजार से ज्यादा वोटों के अंतर से CPI (M) के जैक सी थॉमस को पुथुपल्ली सीट से हरा दिया है। कांग्रेस नेता और पूर्व मुख्यमंत्री ओमान चांडी के निधन के बाद यह सीट खाली हुई थी। कांग्रेस ने इस सीट पर ओमान चांडी के बेटे चांडी ऑमान को मैदान में उतारा था। बीजेपी की तरफ से सीनियर नेता लिजिन लाल चुनावी मैदान में थे।

तृणमूल कांग्रेस की धूपगुड़ी में जीत

पश्चिम बंगाल की धूपगुड़ी सीट पर तृणमूल कांग्रेस के निर्मलचंद राय ने बीजेपी की तापसी राय को 4309 वोटों से पराजित कर दिया है।  निर्मलचंद राय को 97,613 और तापसी राय को 93,304 वोट मिले हैं। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने ट्विटर पर इसकी जानकारी दी।

TMC कैंडिडेट निर्मल चंद्र रॉय और बीजेपी की तापसी रॉय के बीच काउटिंग शुरू होने से खत्म होने तक कांटे की टक्कर देखने को मिली। TMC ने करीब चार हजार वोटों से बीजेपी को मात दी है।इस सीट पर I.N.D.I.A अलायंस के सदस्य कांग्रेस और TMC एक-दूसरे के खिलाफ चुनाव में उतरे थे। कांग्रेस ने CPI(M) के उम्मीदवार ईश्वर चंद्र रॉय को समर्थन दिया था।

डुमरी सीट पर JMM की JEET

झारखंड के गिरिडीह जिले की डुमरी विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) की उम्मीदवार बेबी देवी ने अपनी निकटतम प्रतिद्वंदी ऑल झारखंड स्टूडेंट्स यूनियन (AJSU) की यशोदा देवी को 17,153 वोटों से हरा दिया। झामुमो उम्मीदवार को 100317 मत प्राप्त हुए हैं जबकि आजसू की उम्मीदवार को 83,164 वोट मिले हैं।

बहरहाल , त्रिपुरा में सीपीएम ने वोट काउंटिंग के बहिष्कार का ऐलान किया है। पार्टी ने दोनों निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान के दौरान बड़े पैमाने पर गड़बड़ी का आरोप लगाया गया है। वहीं पश्चिम बंगाल के धुपगुड़ी में सत्तारूढ़ तृणमूल को टक्कर देने के लिए सीपीएम और कांग्रेस ने हाथ मिला लिया है। संयोग से, तीनों पार्टियां विपक्षी गुट INDIA का हिस्सा हैं।

विपक्षी दलों के इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल अलायंस (I.N.D.I.A.) की तीसरी बैठक मुंबई में हुई। मीटिंग के दूसरे दिन 1 सितंबर को गठबंधन ने 13 मेंबर की कोऑर्डिनेशन कमेटी का ऐलान किया। बाद में कहा गया कि कमेटी में CPI(M) के मेंबर का नाम भी जोड़ा जाएगा। इसके बाद इस कमेटी में 14 मेंबर हो जाएंगे। अगली मीटिंग (चौथी) दिल्ली में होगी।

Exit mobile version