Site icon Drashta News

किसानों को परेशान कर रही है भाजपा नीत सरकार, ‘भारत जोड़ो यात्रा’ भय और नफरत के खिलाफ है : राहुल गांधी

DrashtaNews

कुरुक्षेत्र (हरियाणा)। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने रविवार को कहा कि उनके नेतृत्व में जारी ‘भारत जोड़ो यात्रा’को देश में हर जगह लोगों की शानदार प्रतिक्रिया मिली है। उन्होंने जोर देकर कहा कि उनकी पदयात्रा भय और नफरत के खिलाफ है, जो समाज में फैलाई जा रही है। साथ ही उन्होंने कहा कि यह यात्रा बेरोजगारी और महंगाई के खिलाफ भी है।

राहुल गांधी ने कहा कि यात्रा का एक मकसद यह भी है कि लोग देश की वास्तविक आवाज को सुनें। कुरुक्षेत्र के नजदीक समाना में मीडिया को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, ‘भारत जोड़ो यात्रा को हर जगह शानदार प्रतिक्रिया मिली है।’ तमिलनाडु के कन्याकुमारी से कश्मीर तक निकाली गई यह यात्रा इस समय हरियाणा से गुजर रही है। इस बारे में पूछे जाने पर गांधी ने कहा कि उन्होंने इस यात्रा के दौरान बहुत कुछ सीखा है। उन्होंने कहा, ‘देश के दिल में क्या है वह सीधे तौर पर लोगों से संवाद कर सुनने को मिला। यात्रा को हरियाणा में बहुत अच्छी प्रतिक्रिया मिली है। यह प्रतिक्रिया ऊर्जा और उत्साह से लवरेज है। ’

यात्रा के आलोचकों पर हमला करते हुए गांधी ने कहा कि जब इसकी शुरुआत हुई थी, ‘तब लोगों ने कहा था कि जो प्रतिक्रिया केरल में मिली, वैसी प्रतिक्रिया कर्नाटक में नहीं मिलेगी, जहां पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का शासन है, लेकिन हमें उससे (केरल) भी अच्छी प्रतिक्रिया वहां (कर्नाटक) मिली। फिर जब यात्रा महाराष्ट्र पहुंची तो लोगों ने कहा कि जिस तरह का उत्साह दक्षिण भारत में देखने को मिला वह इस पश्चिमी राज्य में नहीं देखने को मिलेगा।  जब हम महाराष्ट्र पहुंचे तो दक्षिण से भी बेहतर प्रतिक्रिया मिली।’

राहुल गांधी ने कहा, ‘तब कहा गया कि यात्रा जब हिंदी भाषी क्षेत्रों से गुजरेगी तब लोगों की अच्छी प्रतिक्रिया नहीं मिलेगी, लेकिन मध्य प्रदेश में पहले से भी अच्छा माहौल मिला. जब हम हरियाणा पहुंचे तो कहा गया कि यह भाजपा शासित राज्य है, लेकिन यहां मिली प्रतिक्रिया शानदार रही. हम जैसे-जैसे बढ़ रहे हैं, लोगों का समर्थन बढ़ रहा है।’ एक सवाल के जवाब में गांधी ने कहा, ‘भारत की आवाज को दबाया जा रहा है और नफरत व भय फैलाया जा रहा है। एक जाति को दूसरी जाति के खिलाफ, एक धर्म को दूसरे धर्म के खिलाफ किया जा रहा है और यह यात्रा इसके खिलाफ है। ’ उन्होंने कहा कि इस यात्रा के अन्य उद्देश्यों को जो हम देख रहे हैं, वह ‘तपस्या’ की तरह है।

किसानों को ‘‘परेशान” कर रही है भाजपा नीत सरकार

कांग्रेस नेता ने कहा, ‘हम अपने देश से, लोगों से, किसानों से और गरीबों से प्यार करते हैं और हम उनके साथ चलना चाहते हैं। इसलिए इस यात्रा का उद्देश्य इस देश के लोगों की वास्तविक आवाज को भी सुनना है।’ उन्होंने कहा कि देश में आर्थिक असमानता है और धन, मीडिया और अन्य संस्थानों को कुछ लोगों द्वारा नियंत्रित किया जा रहा है। गांधी ने कहा कि यह यात्रा बेरोजगारी और महंगाई के खिलाफ है।

अवश्य पढ़ें किसान क्रांति : गरीबों के निवाले भी सियासत, छीन लेती है -पार्ट 1

राहुल गांधी ने कहा, भाजपा नीत सरकार  ईंधन और उर्वरक की बढ़ती कीमतों के जरिए किसानों को परेशान” कर रही है। किसानों को बचाने की जरूरत है।  राहुल गांधी ने कहा कि देश की रीढ़ और लोगों का पेट भरने वालों को निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा, ‘‘किसान को हर तरफ से घेरा जा रहा है। उस पर सीधे तौर पर ईंधन की कीमतों की मार पड़ रही है, उसे मौसम के कारण खराब हुई फसल के लिए बीमा दावे नहीं मिल रहे हैं। उस पर सीधे तौर पर खाद की बढ़ी हुई कीमतों की मार पड़ रही है।”

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने कहा, ‘‘तीन कृषि कानून (अब निरस्त), कृषि कानून नहीं थे। वे उन (किसानों को) पर हमला करने का हथियार थे, जैसे कि नोटबंदी और त्रुटिपूर्ण वस्तु एवं सेवा कर (GST) छोटे व्यापारियों पर हमले के लिए हथियार थे। इन्हें बचाने की जरूरत है.”उन्होंने कहा, ‘‘हम जानते हैं कि किसानों पर हमले हो रहे हैं। मैं एक बात की गारंटी दे सकता हूं कि अगर कांग्रेस पार्टी कहीं भी सत्ता में आती है, तो इस हमले को रोका जाएगा। किसानों को बचाया जाएगा। अगर हम ‘अरबपतियों’ के लाखों करोड़ रुपये माफ कर सकते हैं, तो हम किसानों की भी मदद कर सकते हैं।”

राहुल गांधी ने बेरोजगारी की दर को लेकर भी भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, ‘‘यह देश अपने युवाओं से झूठ बोल रहा है।  मैंने 3,000 किलोमीटर से अधिक की यात्रा की है और युवाओं से पूछा है कि वे क्या करना चाहते हैं, वे कहते हैं कि वे इंजीनियर, डॉक्टर, वकील बनना चाहते हैं, सेना और प्रशासन में शामिल होना चाहते हैं।”

अवश्य पढ़ें क्या किसान और मजदूर भ्रष्ट सरकारी तंत्र को लॉक डाउन कर सकते हैं ?

कांग्रेस नेता ने कहा कि हकीकत यह है कि उनमें से सिर्फ 10 फीसदी को ही नौकरी मिलेगी और बाकी के सपने टूट जाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि लोग जानते हैं कि बेरोजगारी बढ़ रही है क्योंकि ‘‘ पैसा 3-5 व्यक्तियों के हाथ में संकेंद्रित है।” राहुल गांधी ने कहा, ‘‘वे यह भी जानते हैं कि इस धन के संकेन्द्रण से आर्थिक शक्ति भी कुछ लोगों के हाथों में जा रही है, जिसके परिणामस्वरूप बेरोजगारी और महंगाई बढ़ रही है। हम इस तथ्य को लोगों के सामने रखना चाहते थे और यात्रा ने ऐसा सफलतापूर्वक किया है।”

कौशल विकास के महत्व पर जोर देते हुए गांधी ने कहा, ‘‘हमारी शिक्षा प्रणाली केवल पांच तरीके दिखाती है, लेकिन लाखों तरीके हैं। जब यह देश कौशल का सम्मान करना शुरू करेगा, तो यह एक वास्तविक महाशक्ति बन जाएगा और चीन के साथ प्रतिस्पर्धा करेगा.”

Exit mobile version