जम्मू। जम्मू-श्रीनगर हाईवे पर रामबन जिले के खूनी नाला मगरकोट के पास सुरंग निर्माण का काम शुरू होते ही गुरुवार की देर रात पहाड़ दरककर नीचे आ जाने से 10 मजदूर लापता हो गए थे । इसके साथ ही खोदाई में लगी मशीनरी भी दब गई है। बचाव कार्य जारी है। कई टीमें मौके पर डटी हैं। शनिवार को दोपहर तक घटना वाली जगह से चार शव बरामद किए गए हैं। इस हादसे में शुक्रवार को चार लोगों के घायल और 10 लोगों के मलबे में फंसे होने की सूचना मिली थी। लेकिन अब घटना में मरने वालों की संख्या चार हो गई है।
जबकि छह लोग अभी भी लापता हैं, जिनकी तलाश की जा रही है। मलबा नीचे आने के साथ ही हाईवे पर वाहनों को रोक दिया गया है। इससे सैकड़ों छोटे-बड़े वाहन रास्ते में फंस गए हैं। केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने हादसे पर दुख जताया है। मौके पर एनडीआरएफ की टीम पहुंच गई है। बचाव कार्य जारी है।
अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी थी कि बृहस्पतिवार रात को खूनी नाले पर सुरंग का आगे की तरफ का एक छोटा-सा हिस्सा ढह गया। घटना की सूचना पाकर पुलिस और सेना के जवान मौके पर पहुंचे और उन्होंने तत्काल संयुक्त बचाव अभियान चलाया। अधिकारियों ने बताया कि चार लोगों को मलबे से निकाला गया है, चारों घायल हैं और 10 अन्य अब भी सुरंग के अंदर फंसे हुए हैं। उन्होंने बताया कि सुरंग के आगे के हिस्से की तरफ खड़े बुलडोजर और ट्रक समेत कई वाहन और मशीनें क्षतिग्रस्त हो गयीं हैं।
उन्होंने बताया कि रामबन के उपायुक्त मस्सरतुल इस्लाम और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मोहित शर्मा घटनास्थल पर मौजूद हैं और बचाव अभियान पर नजर रख रहे हैं। सुरंग में फंसे लोग निरीक्षण का काम कर रही कंपनी के कर्मचारी हैं। अधिकारियों ने बताया कि बनिहाल से घटनास्थल के लिए कई एम्बुलेंस भेजी गयी हैं। फंसे हुए सभी लोगों को जल्द रेस्क्यू कर लिया जाएगा। हालांकि, रेस्क्यू ऑपरेशन में परेशानी आने के बाद आईटीबीपी के जवानों को भी काम पर लगाया गया था।
ये मजदूर लापता –
जादव रॉय -23 पश्चिम बंगाल
गौतम रॉय -22 पश्चिम बंगाल
सुधीर रॉय -31 पश्चिम बंगाल
दीपक रॉय -33 पश्चिम बंगाल
परिमल रॉय -38 पश्चिम बंगाल
शिव चौहान -26 असम
नवाज चौधरी -26 नेपाल
कुशी राम-25 नेपाल
मुजफ्फर -38 जम्मू-कश्मीर
इसरत -30 जम्मू-कश्मीर
अस्पताल में भर्ती मजदूर-
विष्णु गोला- 33 झारखंड
अमीन – 26 जम्मू-कश्मीर